Page Loader
महाराष्ट्र: यौन शोषण के खिलाफ सड़क पर उतरे 300 के खिलाफ FIR दर्ज, 40 गिरफ्तार
महाराष्ट्र के बदलापुर में यौन शोषण के विरोध में सड़क पर उतरे लोगों के खिलाफ FIR (तस्वीर: एक्स/@DhanubhauX)

महाराष्ट्र: यौन शोषण के खिलाफ सड़क पर उतरे 300 के खिलाफ FIR दर्ज, 40 गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Aug 21, 2024
10:27 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के बदलापुर में एक स्कूल में नर्सरी की 2 छात्राओं के साथ हुए यौन शोषण के खिलाफ मंगलवार सड़क पर उतरे लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। ठाणे पुलिस ने विरोध-प्रदर्शन में भाग लेने वाले करीब 300 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की, जबकि 40 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि अन्य विरोध करने वाले अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। सभी आरोपी कोर्ट में पेश होंगे।

घटना

क्या है बदलापुर में यौन शोषण का मामला?

रिपोर्ट के अनुसार, 13 अगस्त को आदर्श विद्यालय में नर्सरी कक्षा की 3 और 4 वर्षीय छात्राओं के साथ स्कूल के सफाईकर्मी ने यौन शोषण किया था। घटना के बाद दोनों बालिकाओं ने डर के चलते स्कूल जाने से इनकार कर दिया। परिजनों के जोर देकर पूछने पर बालिकाओं ने पूरी घटना बता दी। इसके बाद परिजन जब थाने पहुंचे तो पुलिस ने FIR दर्ज करने में उनको 12 घंटे इंतजार करा दिया, जिससे ग्रामीण भड़क गए।

विरोध

ग्रामीणों ने स्कूल में तोड़फोड़ की और रेलवे स्टेशन का घेराव किया

वारदात से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर हमला बोल दिया और तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद भीड़ ने रेलवे स्टेशन घेर लिया और पटरियों पर बैठ गए। भीड़ के कारण सेंट्रल रेलवे की सेवाएं बाधित रहीं। पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया तो उन्होंने पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। मामले में आरोपी सफाईकर्मी गिरफ्तार है। इलाके में तनाव बना हुआ है।