मुंबई के 5 जाने-माने क्लब के लाइसेंस रद्द, किचन में मिले कॉकरोच और फफूंद लगी सब्जियां
क्या है खबर?
मुंबई के कई प्रमुख और प्रसिद्ध स्पोर्ट्स क्लबों के FSSAI लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की जांच के दौरान इन क्लबों में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों का गंभीर उल्लंघन सामने आया है। यह कार्रवाई 27 जुलाई को क्लब, कैंटीन और रेस्तरां सहित 7 खाद्य प्रतिष्ठानों में किए गए निरीक्षण के बाद की गई। FDA ने कहा कि इसके बाद 5 क्लब के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
FDA
किन-किन क्लबों पर हुई कार्रवाई?
FDA के मुताबिक, चर्चगेट स्थित क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI), तारदेव स्थित विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब, बांद्रा स्थित MIG क्रिकेट क्लब, RK जुहू जिमखाना और अपर्णा जुहू जिमखाना के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
इसके अलावा मलाड पश्चिम स्थित गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब के एक रेस्तरां को कारोबार बंद करने का नोटिस जारी किया गया है।
एक अन्य क्लब को सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है।
वजह
किचन में मिले कॉकरोच, फफूंद लगी सब्जियां
FDA ने कहा कि निरीक्षण के दौरान CCI में फूड हैंडलिंग वाले इलाके में जिंदा कॉकरोच और मक्खियों का प्रकोप मिला। वहां कचरा निपटान की खराब व्यवस्था, कोल्ड स्टोरेज में रखे खाने पर पानी टपकना, बंद नालियां, सड़ी-गली सब्जियां और एक्सपायर्ड हो चुके खाद्य पदार्थ रखे मिले।
साथ ही खाने पर सही लेबलिंग न होने, शाकाहारी और मांसाहारी खाना बनाने की जगहों के बीच अलग-अलग व्यवस्था न होने और क्रॉस-कंटामिनेशन के जोखिम की ओर भी इशारा किया गया।
अन्य क्लब
किस क्लब में मिली क्या खामियां?
FDA ने बताया कि विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब की रसोई की दीवारें और छतें जर्जर हैं और फिसलन भरे, गंदे फर्श पर भोजन के कण पाए गए।
MIG क्रिकेट क्लब की रसोई में जिंदा कॉकरोच और मकड़ी के जाले सहित कई कीड़े थे। कैटरिंग एजेंसी के पास खाद्य लाइसेंस भी नहीं था।
RK जुहू जिमखाना के रसोईघर के कर्मचारी टोपी, दस्ताने या एप्रन नहीं पहने हुए थे।
द अपर्णा में कीड़े, खाने की चीजों को अलग-अलग न रखना जैसी गड़बड़ियां मिलीं।
अधिकारी
IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे चला रहे अभियान
दरअसल, मई में IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे को FDA का आयुक्त नियुक्त किया गया। इसके बाद से ही वे लगातार खाद्य पदार्थों में मिलावट और होटलों-रेस्तराओं के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।
उनके पद पर आते ही महाराष्ट्र की कई प्रतिष्ठित होटलों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं।
FDA ने पिछले 2 महीनों में 1.60 लाख लीटर से ज्यादा मिलावटी दूध जब्त किया है, जिसकी कीमत 65.17 लाख रुपये है।