महाराष्ट्र के किसानों को मुख्यमंत्री का अहम संदेश, कहा- 15 जून तक रोकें बुवाई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के किसानों से बुवाई अभी टालने की अपील की है। इसकी वजह यह है कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून देर से आ रहा है। अनुमान है कि 15 जून से पहले भारी बारिश होने की संभावना नहीं है। अब तक मानसून सिर्फ दक्षिण कोंकण के सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी जैसे इलाकों तक ही पहुंचा है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह अपील भी की
9 जून तक दक्षिण कोंकण के सिर्फ कुछ इलाकों में ही अच्छी बारिश होगी। महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में अधिकतर बादल छाए रहेंगे और हल्की फुल्की बारिश ही देखने को मिलेगी, जो बुवाई के लिए पर्याप्त नहीं होगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने किसानों से आग्रह किया है कि वे छिटपुट बारिश को देखकर जल्दबाजी न करें। उन्होंने सभी से यह भी कहा है कि बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। इस बीच, राज्य में गर्मी बढ़ रही है। विदर्भ और खानदेश में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है, वहीं मराठवाड़ा में 12 जून तक तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।