महाराष्ट्र साइबर सेल ने AI गलत सूचना अभियान का किया भंडाफोड़, पाकिस्तान समेत कई देशों से चल रही थी साजिश
महाराष्ट्र की साइबर सेल ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) प्रदर्शनों के दौरान भारतीयों को निशाना बनाने वाले एक बड़े AI-आधारित गलत सूचना अभियान का भंडाफोड़ किया है। जांच में सामने आया है कि 429 सोशल मीडिया हैंडल और पोस्ट फर्जी खबरें फैलाकर लोगों की राय को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। इन 429 पोस्ट और अकाउंट में से 140 से ज्यादा में AI से बनाई गई या AI की मदद से तैयार की गई सामग्री का इस्तेमाल हुआ था।
AI ने धर्मेंद्र प्रधान की आवाज की नकल उतारी
कम से कम 100 अकाउंट्स का पता पाकिस्तान, पश्चिम एशियाई देशों और मलेशिया से चला है। यह दिखाता है कि ऑनलाइन माहौल बिगाड़ने के लिए यह एक संगठित प्रयास था। इस अभियान में AI का इस्तेमाल करके पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की आवाज की नकल की गई और वीडियो में प्रदर्शनकारियों की भीड़ को बड़ा दिखाया गया। अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं हुई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने हानिकारक पोस्ट हटा दिए हैं और इस पूरे मामले के पीछे के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे हैं।