मुंबई में CNG अब और महंगी हो गई है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने इसकी कीमत में 1.50 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के बाद, 15 नवंबर से CNG 91.50 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी।
इस साल यह 8वीं बार हुआ है, और जनवरी से अब तक CNG के दाम कुल 11 रुपये बढ़ चुके हैं। इस मूल्य वृद्धि का असर मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में चलने वाले करीब 12.93 लाख CNG वाहनों पर पड़ेगा, जिनमें ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, निजी गाड़ियां और सार्वजनिक परिवहन वाहन शामिल हैं।
महानगर गैस लिमिटेड ने महंगी RLNG को बताया वजह
महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने बताया है कि घरेलू प्राकृतिक गैस की उपलब्धता कम होने के कारण उनकी लागत बढ़ गई है। इसी वजह से वे आयातित RLNG पर अधिक निर्भर हो गए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव और मध्य-पूर्व में चल रहे संकट के कारण काफी महंगी हो गई है।
इस बीच, ऑटो यूनियनों ने चालकों को ईंधन के बढ़ते खर्चों से राहत दिलाने के लिए किराए में 2 रुपये की बढ़ोतरी की मांग की है। यूनियनों को उम्मीद है कि 30 नवंबर तक मीटर रीकैलिब्रेशन का काम पूरा होने के बाद नए किराए लागू कर दिए जाएंगे।