महाकुंभ में भारी भीड़: लोगों के आगे-आगे चेन बनाकर चल रही पुलिस, अलर्ट पर रेलवे स्टेशन
क्या है खबर?
रविवार होने की वजह से प्रयागराज महाकुंभ में आज भारी भीड़ है। पूरे शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक जाम हो गया है। इस वजह से यातायात संभालने के लिए सेना की जवान सड़कों पर उतरे हैं।
वहीं, भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए पुलिसकर्मी चेन बनाकर भीड़ के आगे-आगे चल रहे हैं।
आज 80 लाख से ज्यादा लोग कुंभ पहुंचे हैं। दिल्ली में हुई भगदड़ को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
वाहन
मेला परिसर में वाहनों का प्रवेश बंद, पास भी रद्द
प्रशासन ने मेला क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया है और लोगों के वाहन करीब 10 किलोमीटर पहले ही रोके जा रहे हैं। इस वजह से संगम तक जाने के लिए लोगों को पैदल चलना पड़ रहा है।
DM रवींद्र कुमार मंदर ने कहा, "आज प्रयागराज में नो व्हीकल जोन लागू किया गया है। वाहनों को पार्किंग में खड़ा किया जा रहा है और श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए नजदीकी घाट भेजा जा रहा है।"
मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने किया हवाई सर्वे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने हेलीकॉप्टर से महाकुंभ का हवाई सर्वे किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ बढ़ते ही तुरंत वैकल्पिक इंतजाम करें।
इसके बाद मुख्यमंत्री 'जलवायु सम्मेलन' से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा, "मनुष्य ही केवल इस सृष्टि का एकमात्र जीव नहीं है. जीव जंतुओं का जीवन चक्र मनुष्य के साथ और मनुष्य का जीवन चक्र उनके साथ जुड़ा हुआ है. उनका अस्तित्व रहेगा तो हमारा भी अस्तित्व रहेगा।"
स्कूल
8वीं तक के स्कूल 20 फरवरी तक रहेंगे बंद
प्रयागराज में भीड़ और ट्रैफिक जाम को देखते हुए शहर के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। प्रशासन ने पहली से लेकर 8वीं कक्षा तक के स्कूल अब 20 फरवरी तक बंद कर दिए हैं। पहले स्कूल 16 फरवरी तक बंद रखने के आदेश थे, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था सभी बोर्ड के स्कूलों में रहेगी।
लोग
कुंभ में नितिन गडकरी, आनंदीबेन पटेल पहुंचे
आज कुंभ में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पहुंची।
गडकरी ने संगम में डुबकी लगाने के बाद कहा, "राज्य सरकार ने इतने बड़े पैमाने पर होने वाले आयोजन के लिए बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की हैं। यह एक अभूतपूर्व आयोजन है। हजारों भक्त सड़क मार्ग से भी यात्रा कर रहे हैं। हमने प्रार्थना की है कि सबका कल्याण हो।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने प्रयागराज दर्शन पूजन करने के बाद अक्षयवट में पूजन किया।