Page Loader
मध्य प्रदेश: इंटरनेट से सीखा कर्ज चुकाने का तरीका, बीमा कराकर करवाई पत्नी की हत्या
मध्य प्रदेश में कर्ज चुकाने के लिए पति ने बीमा कराकर पत्नी की हत्या करवाई

मध्य प्रदेश: इंटरनेट से सीखा कर्ज चुकाने का तरीका, बीमा कराकर करवाई पत्नी की हत्या

Aug 07, 2022
04:49 pm

क्या है खबर?

इंटरनेट का किस तरीके से दुरुपयोग भी हो सकता है, इसका एक उदाहरण मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपना कर्ज चुकाने के लिए पहले अपनी पत्नी का बीमा कराया और फिर बीमा की राशि प्राप्त करने के लिए उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इंटरनेट पर कर्ज चुकाने के तरीकों के कई वीडियो देखने के बाद उसने ये पूरी साजिश रची थी। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वारदात

26 जुलाई को की गई थी महिला की गोली मारकर हत्या

राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मानाजोड़ इलाके में 26 जुलाई को पूजा मीणा नामक एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके पति बद्री प्रसाद मीणा ने पुलिस थाने में FIR दर्ज कराते हुए चार लोगों पर उसकी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया था। हालांकि जब जांच में सामने आया कि वारदात के समय वो चारों घटनास्थल के पास भी नहीं थे तो पुलिस को बद्री पर शक हो गया।

साजिश

बद्री पर था 40 से 50 लाख का कर्ज, चुकाने की लिए रची साजिश

शक होने पर जब पुुलिस ने बद्री से सख्ती से पूछताछ की तो पूरी साजिश का खुलासा हो गया। राजगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) मनकामना प्रसाद ने बताया कि आरोपी पति बद्री पर 40 से 50 लाख रुपये तक का कर्ज था और कर्ज को चुकाने के लिए उसने ही अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची। वह इंटरनेट पर कर्ज चुकाने के तरीकों के वीडियो देखता रहता था और यहीं से उसे पूरी साजिश का आइडिया मिला।

वारदात

आरोपी ने पत्नी का कराया 35 लाख रुपये का बीमा, फिर दी सुपारी

आइडिया मिलने के बाद बद्री ने सबसे पहले अपनी पत्नी पूजा का 35 लाख रूपये का बीमा कराया और फिर तीन लोगों को पांच लाख रुपये में पूजा को मारने की सुपारी दे दी। साजिश के तहत वह 26 जुलाई को रात लगभग 9:30 बजे पूजा को बाहर लेकर आया और मानाजोड़ के पास बाइक खराब होने का बहाना बनाकर रुक गया। पूजा वहीं सड़क पर ही बैठ गई और तभी तीन आरोपियों ने आकर उसे गोली मार दी।

कार्रवाई

बद्री और उसका एक सहयोगी गिरफ्तार, दो अभी भी फरार

गोली लगने के बाद बद्री पूजा को लेकर अस्पताल गया जहां उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद बद्री ने चार अन्य लोगों पर आरोप लगाकर पुलिस को भटकाने का प्रयास किया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा उसके एक साथी हुनरपाल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य दो आरोपी, गोलू मीणा और शाकिर शाह, अभी फरार हैं। ये दोनों ही हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।