देशभर में LPG संकट: अयोध्या में राम रसोई बंद, पुलिस सुरक्षा में बंट रहे गैस सिलेंडर
क्या है खबर?
ईरान युद्ध के चलते देशभर में रसोई गैस की किल्लत हो रही है। गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं। दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों ने वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी है। इस वजह से होटलों और रेस्तरां में गैस की कमी हो गई है। नतीजतन होटलों ने अपने मेन्यू में से कई चीजें हटा दी हैं।
अयोध्या
उत्तर प्रदेश: पुलिस की सुरक्षा में बंट रहे गैस सिलेंडर
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। लोग तड़के से ही लाइनों में खड़े हैं। गोरखपुर और सिद्धार्थनगर में पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर बांटे जा रहे हैं। वहीं, LPG सिलेंडर की किल्लत के चलते 8 साल में पहली बार अयोध्या में राम रसोई को बंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से स्थिति पर सख्त नजर रखने को कहा है।
दिल्ली
दिल्ली हाई कोर्ट की कैंटिन में भी गैस की कमी
दिल्ली हाई कोर्ट की में भी गैस सिलेंडर न होने की वजह से मेन्यू में से कई चीजें हटाई गई हैं। हाई कोर्ट में वकीलों की कैंटीन के मैनेजर मोहर सिंह ने मीडिया से कहा, "गैस नहीं आई तो हमने खाने में दाल-चावल, कढ़ी-चावल, राजमा-चावल, छोले-चावल, चिकन, बिरयानी जैसे आइटम देना बंद कर दिया है। आगे से गैस नहीं आ रही है। हमने काफी जगह कोशिश की लेकिन गैस नहीं आई।"
राजस्थान
2,500 में मिल रहा गैस सिलेंडर
राजस्थान में वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो गई है। जयपुर में सिलेंडर 2,500 रुपये तक में मिल रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थिति की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा है। वहीं, खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। कई होटलों में केवल तंदूरी रोटी मिल रही है।
अन्य राज्य
अन्य राज्यों का क्या है हाल?
बिहार में 2 दिन से वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं हो रही है। सुबह से ही लोग एजेंसियों के बाहर लाइनें लगाकर खड़े हैं। पंजाब के कुछ जिलों में तकनीकी खामी के चलते घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग नहीं हो पा रही है। वहीं, वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी बंद है। गुजरात में भी घरेलू सिलेंडर के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वाणिज्यिक सिलेंडर 3,000 रुपये तक मिल रहा है।
सरकार
क्या कह रही है सरकार?
सरकार ने जनता से शांत रहने की अपील की है और झूठी खबरें न फैलाने को कहा है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय कहा कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोग घबराकर बुकिंग न करें। आपूर्ति बनाए रखने के लिए घरेलू LPG का उत्पादन 25 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है। सरकार ने कहा कि 70 प्रतिशत कच्चा तेल होर्मुज जलडमरूमध्य के अलावा अलग रास्तों से आ रहा है, जो पहले 55 प्रतिशत था।