सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने अमेरिका और भारत में दवा की कीमत को लेकर किया चौंकाने वाला खुलासा
सोशल मीडिया पर एक रील इन दिनों खूब वायरल हो रही है। इसमें दिखाया गया है कि अमेरिका में 'रेवलिमिड' (लेनालिडोमाइड) नाम की कैंसर की दवा के लिए मरीजों को कितना ज्यादा भुगतान करना पड़ता है। इसमें भारतीय दवा दुकान के बाहर खड़े होकर बताया कि अमेरिका में इस दवा की एक गोली की कीमत करीब 85,000 रुपये है, जबकि भारत में इसकी जेनेरिक दवा सिर्फ 35 से 300 रुपये में आसानी से मिल जाती है।
विशेषज्ञों ने बताया कीमतों में इतना अंतर क्यों
इस वीडियो से सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ गई है। कुछ लोग भारत में मिलने वाली सस्ती जेनेरिक दवाओं और दुनिया भर के लिए दवाएं बनाने में उसकी भूमिका देखकर हैरान हैं। वहीं, कुछ लोग अलग-अलग देशों की स्वास्थ्य प्रणालियों के बीच के बड़े अंतर पर सवाल उठा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि कीमतों में यह अंतर पेटेंट और नई रिसर्च पर होने वाले भारी खर्च की वजह से है। लेकिन मरीजों के लिए यह एक बार फिर याद दिलाता है कि जरूरी इलाज मिलना इस बात पर निर्भर करता है कि वे किस जगह रहते हैं।