दिल्ली में बिगड़ा मौसम, 15 उड़ानों को करना पड़ा डायवर्ट
दिल्ली को आखिरकार रविवार को हल्की बारिश और बादलों से गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन इसके साथ ही कुछ दिक्कतें भी पैदा हो गईं। मौसम खराब होने के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI) पर उड़ानों में देरी हुई और कई उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर मोड़ना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि आने वाले दिनों में भी बारिश होने की उम्मीद है, लिहाजा अपनी छतरी साथ रखना न भूलें।
जयपुर और लखनऊ की तरफ मोड़ दी गईं उड़ानें
बारिश के मौसम के कारण कुल 15 उड़ानों को (इनमें 10 घरेलू और 5 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शामिल थीं) दिल्ली में उतरने के बजाय जयपुर और लखनऊ की ओर मोड़ दी गई। IGI हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर चेक कर लें। जगह-जगह ट्रैफिक जाम लग रहे हैं। ऐसे में दिल्ली मेट्रो या दूसरे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना समझदारी भरा फैसला होगा।