पाकिस्तान: इस्लामाबाद की मस्जिद में आत्मघाती विस्फोट में 30 से अधिक की मौत, 150 घायल
क्या है खबर?
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद में आत्मघाती धमाका हुआ, जिसमें 30 से अधिक लोगों की मौत हुई है। धमाका तरलाई इलाके में स्थित इमाम बारगाह खदीजातुल कुबरा मस्जिद में हुआ था। धमाके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिसमें मस्जिद के अंदर शवों के पास लोग रोते-बिलखते दिख रहे हैं और घायलों की मदद में लोग जुटे हैं।
धमाका
कैसे हुआ धमाका?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ने के लिए लोग आ रहे थे। तभी मस्जिद के गेट पर जोरदार धमाका हुआ। मस्जिद में कुछ लोगों के चीथड़े उड़ गए, जबकि कुछ बुरी तरह घायल हो गए। मस्जिद को भी काफी नुकसान पहुंचा है। खदीजातुल कुबरा मस्जिद शियाओं की मशहूर मस्जिद है। सुन्नी बहुल पाकिस्तान में शिया मुस्लिम की आबादी करीब 2 करोड़ है और यह पाकिस्तान की आबादी का 10-12 प्रतिशत है।
धमाका
राजधानी में आपातकाल घोषित, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
धमाके के बाद राजधानी में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। पूरे इलाके में पुलिस बल और सेना के जवान तैनात हैं और नाकाबंदी की गई है। बताया जा रहा है कि आत्मघाती हमलावर ने नमाज से पहले मस्जिद में प्रवेश किया था। हालांकि, अभी सरकार या पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। मौके पर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
धमाका
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति 2 दिवसीय दौरे पर
यह हमला तब हुआ है, जब उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव दो दिवसीय यात्रा पर इस्लामाबाद में हैं। इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी पुलिस के प्रवक्ता तकी जवाद ने मीडिया को बताया कि धमाके की प्रकृति का पता लगाना अभी जल्दबाजी होगी। फोरेंसिक टीमें यह पता लगा रही हैं कि हमला आत्मघाती था या पहले से बम प्लांट किया गया था। प्रशासन ने फेडरल कैपिटल के पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (Pims) और CDA अस्पताल में भी आपातकाल लागू किया है।
ट्विटर पोस्ट
धमाके के बाद का वीडियो
An explosion occurred at Imam Bargah Khadijat-ul-Kubra in the Tarlai area of Islamabad. Police and rescue teams reached the site immediately after the incident. Emergency has been imposed across the city. Authorities are investigating the incident.Further details are awaited 1️⃣ pic.twitter.com/ydwKvOhjzi
— Jawad Yousafzai (@JawadYousufxai) February 6, 2026
धमाका
पिछले साल कोर्ट के बाहर हुआ था आत्मघाती हमला
इस्लामाबाद में हुए हमले की जिम्मेदारी अभी किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूख्वा में लगातार आतंकी वारदातों के कारण, इसका शक भी तालिबानी आतंकियों पर जा रहा है। पिछले साल, 11 नवंबर, 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में एक जिला और सत्र न्यायालय भवन के बाहर आत्मघाती धमाका हुआ था। उस धमाके में 12 लोग मारे गए थे, जबकि 30 से ज़्यादा लोग घायल हुए थे।