"मैं भगोड़ा नहीं, आजादी से घूम रहा हूं!" ललित मोदी का मीडिया-नेताओं को दिया करारा जवाब
IPL के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने एक बार फिर साफ किया है कि वह भगोड़ा नहीं हैं और किसी भी अपराध में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि मीडिया के हंगामे की वजह से ही उन पर यह ठप्पा लगा है। उनका कहना है कि 2010 में भारत छोड़ने के बाद से वे बेरोकटोक पूरी दुनिया में घूम रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "मैं बिल्कुल नहीं भाग रहा हुं। मैं पूरी दुनिया घूम रहा हुं। अगर मैं भाग रहा होता तो आप मुझे कहीं न कहीं पकड़ लेते।" उन्होंने यह भी बताया कि देश के कमजोर मानहानि कानूनों की वजह से लोग उन पर लगातार बेवजह के आरोप लगाते रहते हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों पर ललित मोदी ने दी सफाई
IPL के दिनों में हुई वित्तीय गड़बड़ियों की जांच अभी भी जारी है, लेकिन ललित मोदी का दावा है कि मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप उन पर कभी टिक नहीं पाए हैं। उन्होंने अदालतों की धीमी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा, "धीमी न्याय भी एक सजा है।" उनका मानना है कि राहुल गांधी जैसे राजनेता उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं। जब उनसे भारत लौटने के बारे में पूछा गया, तो मोदी ने जवाब दिया, "एक समय ऐसा था जब मैं वापस आना चाहता था... लेकिन वापस आकर क्या करना है? मुझे किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है।"