बिहार: महिला की मांग में जबरन भरा सिंदूर, आरोपी सलाखों के पीछे
बिहार के समस्तीपुर जिले में 25 साल के कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी तब हुई जब एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह एक खेत में एक शादीशुदा महिला की मांग में जबरदस्ती सिंदूर भरता दिख रहा था।
यह घटना कई लोगों के सामने हुई, कुछ ने रोकने की कोशिश भी की, तो कुछ सिर्फ वीडियो बनाते रहे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। इसके बाद 38 साल की पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
BNS एक्ट के तहत 5 लोगों पर मामला दर्ज
पुलिस ने BNS एक्ट के तहत 5 लोगों पर मामला दर्ज किया है। इनमें कुंदन कुमार भी शामिल है, जिसे शुक्रवार को छापेमारी के दौरान पकड़ा गया।
वायरल वीडियो में यह भी दिख रहा है कि जब महिला भागने की कोशिश कर रही थी, तो कुंदन और एक और शख्स उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठाने की कोशिश कर रहे थे। इस मामले में 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, हालांकि 4 आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।