Page Loader
पश्चिम बंगालः ममता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

पश्चिम बंगालः ममता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

Jun 12, 2019
03:14 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया गया है। प्रदर्शनकारी आज सुबह से बिपिन बिहारी गांगुली स्ट्रीट पर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लाल बाजार की तरफ मार्च कर रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ पर पानी भी तेज बौछारें भी की गई।

कार्रवाई

पांच महिला प्रदर्शनकारी हिरासत में

भाजपा ने राज्य में हुई अपने कार्यकर्ता की मौत के बाद यह प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। पुलिस मुख्यालय का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने मुख्यालय के बाहर भाजपा का झंडा फहराने वाली पांच महिलाओं को हिरासत में लिया है। इससे पहले भाजपा ने बंगाल के संदेशखली में कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ 12 घंटे के बंद का ऐलान किया था। इस हड़ताल से जन-जीवन पर आंशिक असर पड़ा था।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये घटना का वीडियो

जानकारी

बुधवार सुबह फिर मिला भाजपा कार्यकर्ता का शव

ममता और भाजपा के बीच चल रहा तनाव बुधवार उस समय और बढ़ गया जब मालदा में दो दिन से लापता भाजपा कार्यकर्ता का शव मिला। पिछले कुछ दिनों से लगातार कार्यकर्ताओं की हत्या से नाराज भाजपा कार्यकर्ता इस घटना से और भड़क गए।

आरोप

ममता ने लगाया केंद्र पर बड़ा आरोप

ममता बनर्जी ने सोमवार को केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी राज्य में हिंसा भड़काने और उनकी सरकार गिराने की कोशिश कर रही है। ममता ने कहा कि वो अकेली हैं जो पूरे देश में भाजपा का विरोध कर रही है इसलिए भाजपा उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में हिंसा होने पर केंद्र सरकार भी बराबर जिम्मेदार होती है।

तनाव

लोकसभा चुनाव के पहले से जारी है तनाव

बंगाल में भाजपा और TMC के बीच हिंसक टकराव लोकसभा चुनाव के समय से ही चल रहा है। मोदी सरकार ने बंगाल की "राजनीतिक हिंसा" में मारे गए 54 भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों को अपने शपथ ग्रहण का विशेष आमंत्रण भेजा था। इसके विरोध में ममता बनर्जी ने शपथ ग्रहण में हिस्सा नहीं लिया था। उन्होंने कहा था कि कार्यकर्ताओं के राजनीतिक हिंसा में मरने की बात गलत है और भाजपा शपथ के पवित्र आयोजन का राजनीतिकरण कर रही है।

आरोप

सोमवार को मिला था भाजपा कार्यकर्ता का शव

सोमवार को हावड़ा के सरपौटा गांव में खेत के पास एक पेड़ पर भाजपा कार्यकर्ता समातुल दोलुई की लाश लटकी हुई मिली थी। कार्यकर्ता के परिवार ने TMC पर हत्या का आरोप लगाया था। जब दोलुई की लाश को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जा रहा था, तब कुछ उपद्रवियों ने उसे छीनने की कोशिश की। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद जिला प्रशासन को इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) लगाने पर मजबूर होना पड़ा।

विधानसभा चुनाव

विधानसभा चुनावों पर टिकी हैं दोनों पार्टियों की नजरें

पिछले कुछ दिनों से राज्य में ममता सरकार और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने हैं। भाजपा का आरोप है कि ममता सरकार राज्य में हो रही हिंसा को रोकने में नाकाम रही है। बता दें कि दोनों पार्टियों की नजर 2021 में होने वाले विधानसभा चुनावों पर हैं। ममता बनर्जी जहां राज्य में भाजपा को पैर पसारने से रोकना चाहती है वहीं भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनावों की सफलता को और आगे ले जाना चाहती है।