कोलकाता से मुंबई आ रहे एयर इंडिया विमान को अपहरण की धमकी, मचा हड़कंप
क्या है खबर?
एयर इंडिया के कोलकाता से मुंबई आ रहे विमान को अपहरण की धमकी मिलने की सूचना है। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के वॉशरूम में धमकी भरा संदेश मिला। पायलट ने फौरन इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी। इसके बाद आनन-फानन में सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया और विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
धमकी
वॉशरूम के शीशे पर लिखी थी धमकी
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के वॉशरूम के शीशे पर अपहरण की धमकी से संबंधित एक संदेश लिखा हुआ देखा गया। इसके तुरंत बाद विमान को उड़ने से रोक दिया गया।
खबरों के अनुसार, विमान का नंबर AI772 है, जिसे एयरबस A320neo द्वारा संचालित किया जाता है। विमान को सुबह 10:20 बजे मुंबई के लिए रवाना होना था।
विमान में कुल 108 लोग सवार थे। इनमें 93 यात्री, चालक दल के 5 सदस्य और 10 अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
जांच
जांच में जुटी एजेंसियां
आइसोलेशन बे में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और हवाई अड्डे के अधिकारी विमान की सघन तलाशी ले रहे हैं। किसी भी संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक संदिग्ध कुछ नहीं मिला है।
वहीं, शौचालय पर धमकी भरा संदेश किसने लिखा और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी भी जांच शुरू हो गई है। विमान में सवार यात्रियों की सूची के साथ कैमरों को भी खंगाला जा रही है।