प्रधानमंत्री मोदी के AI वीडियो को लेकर एक्स के खिलाफ केरल पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी एक्स के खिलाफ केरल पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इस मुकदमें में केरल पुलिस ने आरोप लगाया है कि प्लेटफॉर्म पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बना एक वीडियो फैलाया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग को गुमराह करने वाले तरीके से दिखाया गया। इस मामले में कुछ यूजर्स और एक्स कॉर्प को आरोपी बनाया गया है और जांच जारी है।
मामला
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, यह वीडियो जनता को गुमराह करने और संवैधानिक संस्थाओं की छवि खराब करने के मकसद से बनाया गया था। यह मामला तब सामने आया जब चुनाव आयोग और दूसरे आधिकारिक माध्यमों ने इसकी जानकारी दी। जांच में पाया गया कि वीडियो से चुनाव प्रक्रिया पर असर पड़ सकता था। इसी आधार पर मामला दर्ज किया गया और इसकी गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
धारा
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 336, 353, 3(5) और 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66C (पहचान की चोरी) भी लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि यह वीडियो दंगे भड़काने और लोगों को भ्रमित करने के इरादे से साझा किया गया था। अधिकारियों के निर्देश के बावजूद कंटेंट नहीं हटाने का आरोप भी इसमें शामिल किया गया है।
कार्रवाई
पुलिस की सलाह और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जांचे-परखे किसी भी कंटेंट को शेयर न करें, खासकर चुनाव के समय। साइबर शाखा ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, यह भी बताया गया कि प्लेटफॉर्म को कानूनी नोटिस भेजकर कंटेंट हटाने को कहा गया था। अब पुलिस इस मामले में जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।