Page Loader
केरल में चौंकाने वाली घटना, नाबालिग के साथ 64 लोगों ने 4 साल तक किया बलात्कार 
केरल से यौन शोषण का एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है

केरल में चौंकाने वाली घटना, नाबालिग के साथ 64 लोगों ने 4 साल तक किया बलात्कार 

लेखन आबिद खान
Jan 11, 2025
12:29 pm

क्या है खबर?

केरल में एक चौंकाने वाली घटना का खुलासा हुआ है। यहां के पथानामथिट्टा में एक नाबालिग के साथ 4 साल तक 64 लोगों द्वारा बलात्कार करने की घटना सामने आई है। आरोपियों में लड़की से साथ स्कूल में पढ़ने वाले लड़के, उसके कोच, ट्रेनर, पड़ोसी और रिश्तेदार तक शामिल है। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है और अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।

उम्र

13 साल की उम्र से हो रहा यौन शोषण

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की ने बताया कि पहली बार उसका यौन शोषण 2019 में उसी के स्‍कूल में पढ़ने वाले एक लड़के ने किया था। तब पीड़िता की उम्र 13 साल थी। इसके बाद यौन शोषण करने वाले लड़के ने अपने दोस्‍तों को बताया। उन्‍होंने भी पीड़िता को धमकाकर उसे प्रताड़ित किया। बाद में लड़की ने स्‍कूल की स्‍पोर्ट्स टीम में हिस्‍सा लिया। यहां भी कोच और ट्रेनर ने पीड़िता के साथ गलत काम किए।

खिलाड़ी

जिला स्तरीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेती है पीड़िता

पीड़िता 2 महीने पहले ही 18 साल की हुई है। स्‍पोर्ट्स टीम में शामिल होने के बाद उसने अपने साथ हुई दरिंदगी के बारे में कोच को बताया था, लेकिन कोच ने मदद करने के बजाय पीड़िता का यौन शोषण किया। कथित तौर पर पीड़िता ने रिश्तेदारों से घटना का जिक्र किया तो उन्होंने भी उसे हवस का शिकार बनाया। बताया जा रहा है कि पीड़िता खिलाड़ी है और जिला स्तर के टूर्नामेंट में हिस्सा लेती रही है।

खुलासा

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

पीड़िता के व्यव्हार में बदलाव आने पर कुछ शिक्षकों ने इसकी जानकारी बाल कल्याण समिति को दी। इसके बाद समिति ने जब पीड़िता की काउंसलिंग की तो सारे मामले का खुलासा हो गया। समिति के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामले में 2 FIR दर्ज की है। जिले के अलग-अलग पुलिस थानों में पोक्सो अधिनियम सहित अन्य मामलों में FIR दर्ज हुई है और 15 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

परिजन 

मामले से अनजान थे पीड़िता के परिजन

समित के प्रमुख एन राजीव ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा, "मामला 15 दिन पहले समिति के समक्ष आया था। मैंने लड़की से कहा कि वह अपनी मां के साथ समिति के समक्ष पेश हो। उसे काउंसलिंग दी गई और उसने मनोवैज्ञानिक के सामने खुलकर बताया कि वह 13 साल की उम्र से यौन शोषण का सामना कर रही है। उसने अपनी मां को कुछ भी नहीं बताया था।"

आरोपी

कैसे पहचाने गए आरोपी?

पुलिस के मुताबिक, लड़की के पास खुद का मोबाइल नहीं है। उसने अपने पिता के मोबाइल में लगभग 40 लोगों के नंबर सेव किए थे, जिन्होंने उसके साथ दुर्व्यवहार किया था। राजीव ने कहा, "उसने अपने शराबी पिता के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। अधिकांश अपराधियों की पहचान मोबाइल फोन में सेव किए गए नंबरों से की गई। इसमें कई नंबर सेव पाए गए थे। इसमें और लोगों के शामिल होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।"