केरलम: गृहिणी ने ड्रग्स के चंगुल से बच्चों को बचाया, गृह मंत्री ने किया सम्मानित
केरल के एलामकुन्नपुझा की एक गृहिणी, मिनी एंटनी को हाल ही में गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने 'तूफान' वॉरियर बैज से सम्मानित किया है। स्कूलों में बच्चों को नशीली दवाओं के चंगुल से बचाने के लिए उन्होंने जो काम किया है, उसी के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया। मिनी एंटनी को यह सम्मान ऑपरेशन 'तूफान' के तहत शुरू हुए 'नारको हंट' के पहले चरण के उद्घाटन के दौरान मिला। यह मुहिम केरल सरकार ने समाज से नशीली दवाओं को खत्म करने के लिए चलाई है।
मिनी एंटनी ने अधिकारियों पर दबाव बनाया
यह सब 2014 में शुरू हुआ था। मिनी एंटनी ने देखा कि उनके इलाके में स्कूल जाने वाले बच्चे नशीली दवाओं की चपेट में आने लगे हैं। उन्होंने स्थानीय नेताओं से इस बारे में बात की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। तब मिनी ने सीधे गृह मंत्री के पास जाने का फैसला किया। उनकी इस हिम्मत से न सिर्फ नशा बेचने वालों पर लगाम लगी, बल्कि नशे की लत में फंसे युवाओं को भी मदद मिलनी शुरू हो गई। बच्चों के एक रिहैब सेंटर में काम करने का अनुभव मिनी के पास है, इसलिए वह आज भी अपने गांव में नशे के शिकार लोगों को इलाज तक पहुंचाने में मदद करती हैं।