केरलम सरकार का छात्रों को तोहफ़ा, फीफा विश्व कप फाइनल के लिए स्कूलों में सोमवार की छुट्टी
केरलम सरकार ने 20 जुलाई को सभी सरकारी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया है। इसके पीछे वजह यह है कि बच्चे अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले फीफा विश्व कप फाइनल को देर रात तक आराम से देख सकें। यह मैच रविवार की देर रात शुरू होगा और सोमवार की सुबह तक खिंच सकता है। यह फैसला तब लिया गया, जब फुटबॉल के शौकीन छात्रों और कुछ नेताओं ने इसके लिए मांग की थी। इस छुट्टी से छात्र अगले दिन स्कूल जाने की चिंता किए बिना इस बड़े मैच का पूरा लुत्फ उठा पाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने की छुट्टी की घोषणा
शिक्षा मंत्री एन समसूडीन ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी देते हुए लिखा, 'अब खुश हो, बच्चे?' पूर्व मंत्री वी शिवनकुट्टी ने भी इस छुट्टी का समर्थन किया था। उनका मानना था कि पूरी रात जागने के बाद अगले दिन स्कूल जाना बेहद मुश्किल होता है। उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि छुट्टी की वजह से पढ़ाई का जो नुकसान होगा, उसकी भरपाई शनिवार को क्लास लगाकर की जा सकती है।