अमरनाथ यात्रा के लिए कश्मीर तैयार: सुरक्षा चाक-चौबंद, होटल देंगे 30 प्रतिशत तक छूट
कश्मीर के मुस्लिम नेताओं, नागरिक समाज और विधायकों ने इस बार की अमरनाथ यात्रा का पूरा समर्थन किया है। यह यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। हाल ही में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक बैठक बुलाई थी। इसमें उन्होंने कहा कि कश्मीर में मेहमानों और तीर्थयात्रियों का हमेशा से सम्मान के साथ स्वागत होता आया है। सिन्हा ने स्थानीय लोगों से गुजारिश की है कि वे इस बार भी सभी यात्रियों को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कराने में मदद करें।
भारी सुरक्षा: पुलिस, सेना, 670 अर्धसैनिक बल
मनोज सिन्हा ने जोर देकर कहा कि यात्रियों को सम्मान और सुरक्षा महसूस हो, इसके लिए सभी के सहयोग की बहुत जरूरत है। इस बीच, पहलगाम के विधायक अल्ताफ अहमद वानी ने बताया कि यहां के लोग यात्रियों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और उनके स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यात्रा बिना किसी रुकावट के पूरी हो, इसके लिए पुलिस, सेना और 670 अर्धसैनिक बल के जवानों को सुरक्षा में लगाया जाएगा। यही नहीं, अमरनाथ यात्रा के दौरान स्थानीय होटल यात्रियों को किराए में 30 प्रतिशत की खास छूट भी देंगे।