Loading...
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तमिलनाडु में प्रज्वलित हुआ कार्तिगई दीपम, भावुक हुए श्रद्धालु
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तमिलनाडु में प्रज्वलित हुआ कार्तिगई दीपम

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तमिलनाडु में प्रज्वलित हुआ कार्तिगई दीपम, भावुक हुए श्रद्धालु

Nov 28, 2026
06:11 pm

क्या है खबर?

सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देश और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद 24 नवंबर को इस स्थान पर दीप नहीं जलाया जा सका था। अब दीप प्रज्वलित होते ही कई श्रद्धालु भावुक हो गए और लोगों ने पटाखे फोड़कर व जयकारे लगाकर जश्न मनाया।

प्रक्रिया

हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त जजों की निगरानी में संपन्न हुई प्रक्रिया

सुप्रीम कोर्ट द्वारा अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के संचालन के लिए नियुक्त किए गए हाई कोर्ट के 2 सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस वैद्यनाथन और जस्टिस वी पार्थिबन शनिवार को चेन्नई से मदुरै पहुंचे।

पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन के बीच वे मिट्टी के दीये, बाती और घी लेकर पहाड़ी की तलहटी तक गए और उन्हें मंदिर प्रशासन को सौंपा।

मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद न्यायाधीशों ने तांबे का पारंपरिक 'कोप्पराई' पात्र पुजारियों को सौंप दिया।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

ADVERTISEMENT

व्यवस्था

अनुष्ठान की प्रमुख व्यवस्थाएं क्या रही?

दीप जलाने के लिए लगभग 30 ग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और 5 किलोग्राम कपूर का उपयोग किया गया।

कर्मचारियों ने पत्थर के स्तंभ के ऊपर तांबे के पात्र को सुरक्षित रखने के लिए एक अस्थायी मंच और मचान तैयार किया था।

शाम 5 बजे शुरू हुए इस समारोह में दोनों न्यायाधीशों के अलावा मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, पुलिस अधिकारी (SP) और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENT

सुरक्षा

CRPF के हवाले रही पहाड़ी की सुरक्षा

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शनिवार सुबह से ही CRPF की एक कंपनी और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों ने पहाड़ी की सुरक्षा की कमान संभाल ली थी।

स्थानीय निवासियों और हिंदू श्रद्धालुओं ने सुरक्षाबलों के पहुंचने पर उन पर और उनके वाहनों पर फूल बरसाकर स्वागत किया।

CRPF ने पास ही स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह के चारों ओर 50 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया और दरगाह में प्रवेश को पूरी तरह खुला रखा।

फटकार

सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को फटकारा

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को अपने आदेश की अवमानना के चलते कड़ी फटकार लगाई थी।

कोर्ट ने कहा, "अफसरों ने हमारा नहीं, अपने राजनीतिक आकाओं का आदेश माना। ऐसी संवैधानिक गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और 13 अन्य लोगों को अवमानना ​​नोटिस भी जारी किया था।

साथ ही सुब्रामणिया स्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी को निलंबित कर मंदिर का प्रशासन 2 जजों की समिति को सौंपा था।

विवाद

क्या है विवाद?

यह विवाद मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमणियास्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम से जुड़ा है। विवाद है कि पहाड़ी पर दीपम कहां जलाया जाना चाहिए।

दशकों से यह दीपम पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है।

अब हिंदू संगठन इसे दीपथून पर जलाने की अनुमति मांग रहे हैं, जो पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित एक प्राचीन पत्थर का दीपम स्तंभ है और हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह के नजदीक है।

ADVERTISEMENT