Page Loader
राजस्थान: करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव की घर के अंदर गोली मारकर हत्या, CCTV वीडियो सामने आया
जयपुर में करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है

राजस्थान: करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव की घर के अंदर गोली मारकर हत्या, CCTV वीडियो सामने आया

लेखन नवीन
Dec 05, 2023
04:32 pm

क्या है खबर?

राजस्थान के जयपुर से बड़ी खबर आ रही है। यहां करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। ये घटना जयपुर के श्याम नगर इलाके में हुई और सुखदेव पर घर में घुसकर एक के बाद एक कई गोलियां चलाई गईं। आनन-फानन में गंभीर हालत में सुखदेव को मेट्रो मास अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर करणी सेना में भारी आक्रोश है।

रिपोर्ट

CCTV कैमरे में कैद हुई हत्या की वारदात

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार को दोपहर 1:30 बजे अज्ञात बदमाश मेहमान बनकर श्याम नगर में सुखदेव के घर में घुसे और फिर उन पर कई गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। ये पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में 2 लोग सुखदेव और उनके साथ मौजूद अन्य 2 लोगों पर गोलियां बरसाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में सुखदेव को गोली लगने के बाद फर्श पर गिरते हुए देखा जा सकता है।

ट्विटर पोस्ट

हत्या का CCTV वीडियो आया सामने

पुलिस 

पुलिस ने मामले पर क्या कहा?

समाचार एजेंसी PTI से राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (DGP) उमेश मिश्रा ने कहा, "प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 4 हमलावर घर में घुसे और वहां मौजूद सुखदेव और अन्य पर गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में सुखदेव का एक सुरक्षाकर्मी और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं।" राजस्थान पुलिस का कहना है कि गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए और उनकी धरपकड़ के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।

जिम्मेदारी

रोहित गोदारा गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव की हत्या की जिम्मेदारी राजस्थान के रोहित गोदारा गैंग ने ली है। ये गैंग लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से जुड़ा हुआ है। रोहित खुद एक कुख्यात गैंगस्टर है, जो फिलहाल भारत से फरार है और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) उसके पीछे लगी है। रोहित ने दुबई के एक नंबर से कुछ महीने पहले सुखदेव को धमकी भी दी थी।

कौन थे?

कौन थे सुखदेव सिंह गोगामेड़ी?

सुखदेव सिंह श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष थे। वह करणी सेना 2013 में जुड़े थे। सुखदेव का नाम तब चर्चा में आया था, जब उन्होंने फिल्म 'पद्मावत' की शूटिंग के दौरान निर्देशक संजय लीला भंसाली को फिल्म के सेट पर थप्पड़ मार दिया था। उनके खिलाफ 21 केस दर्ज थे, जिनमें से 7 गंभीर अपराध से संबंधित थे। उन पर 2016 में एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस जांच में मामला झूठा निकला।

करणी सेना

क्या है करणी सेना?

श्री राजपूत करणी सेना की स्थापना 2006 में लोकेंद्र सिंह कालवी ने की थी। करणी सेना को राजपूत समाज का संगठन माना जाता है। ये कोई राजनीतिक संगठन नहीं है, लेकिन हिंदुत्ववादी पार्टियां इस संगठन के पीछे खड़ी दिखाई देती हैं। आपसी मतभेदों के बाद ये संगठन विभिन्न धड़ों में बंट गया था। श्री राजपूत करणी सेना से अलग होकर सुखदेव ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बनाया था। 2021 में इनका विलय हो गया।