कर्नाटक में भेष बदलकर BMTC बस में सवार हुए परिवहन मंत्री, खुले पैसे नहीं होने पर उतारा
कर्नाटक के परिवहन मंत्री बैराथी सुरेश यह जानने के लिए निकले कि बेंगलुरु के बस यात्रियों को रोज किन परेशानियों से गुजरना पड़ता है। आम यात्रियों की तरह भेष बदलकर वह एक बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (BMTC) बस में चढ़े और कंडक्टर को 100 रुपये का नोट दिया। कंडक्टर ने खुले पैसे न होने की बात कही, जिसके बाद उन्हें भी बाकी आम यात्रियों की तरह बस से उतरना पड़ा। इसके बाद उन्होंने एक ऑटो रिक्शा पकड़ा, लेकिन मीटर में गड़बड़ी की वजह से उन्हें तय किराए से ज्यादा पैसे देने पड़े।
बयरथी सुरेश ने एक्स पर किया यह वादा
मंत्री सुरेश ने करीब 2 घंटे तक जयमहल, आर टी नगर, नागावाड़ा और मान्याता टेक पार्क जैसे कई इलाकों का दौरा किया। उनके इस अनुभव से यह साफ हो गया कि आम यात्रियों को हर दिन किन-किन मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसके बाद में उन्होंने एक्स पर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने लिखा कि सरकार सार्वजनिक परिवहन को सभी के लिए ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।