कर्नाटक सरकार ने मैसूरु में नाटक 'गांधी हत्येय सत्य' के मंचन पर रोक लगा दी है। सरकार का कहना है कि संविधान दिवस के आयोजनों के चलते पुलिस व्यस्त थी, इसलिए वे सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकते।
इस फैसले के विरोध में, पूर्व रंगायण निदेशक और नाटककार अद्दंडा करिअप्पा अपने साथी कलाकारों के साथ मैसूरु के कलामंदिर परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। वे हाथ में हाईकोर्ट का आदेश लिए हुए थे और राज्य सरकार के अनुमति न देने के निर्णय का विरोध कर रहे थे।
अधिकारियों ने करिअप्पा के लिए पुलिस आश्वासन मांगा
अधिकारियों ने साफ किया है कि वे शो की अनुमति तभी देंगे जब करिअप्पा को पुलिस सुरक्षा का लिखित आश्वासन मिल जाएगा।
दरअसल, कर्नाटक में कन्नड़ नाटक 'गांधी हत्येय सत्य' (गांधी की हत्या का सच) को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। पूर्व रंगायन निदेशक अड्डांडा करियप्पा द्वारा लिखित और निर्देशित इस नाटक पर महात्मा गांधी की छवि खराब करने और इतिहास को गलत तरीके से पेश करने के आरोप लगे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध करते हुए निर्देशक के चेहरे पर स्याही फेंकी और प्रदर्शन रोकने की मांग की। पुलिस ने बेंगलुरु में नाटक के मंचन पर रोक लगा दी थी। हालांकि, 21 नवंबर को कर्नाटक हाईकोर्ट ने नाटक के मंचन के दौरान पुलिस सुरक्षा देने का निर्देश दिया था।