LOADING...
कानपुर लैंबोर्गिनी कांड: कारोबारी मिश्रा का बेटा या ड्राइवर चला रहा था कार? सामने आई जानकारी
कानपुर लग्जरी कार हादसे में नई जानकारियां सामने आई हैं

कानपुर लैंबोर्गिनी कांड: कारोबारी मिश्रा का बेटा या ड्राइवर चला रहा था कार? सामने आई जानकारी

लेखन आबिद खान
Feb 11, 2026
11:53 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के कानपुर में लग्जरी लैंबोर्गिनी कार से हिट एंड रन मामले में नई जानकारी सामने आई है। पुलिस ने CCTV फुटेज, चश्मदीदों के बयान और दूसरे सबूतों के हवाले से बताया है कि कार को तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा चला रहा था, वहीं केके मिश्रा का कहना है कि कार उनका बेटा नहीं, बल्कि ड्राइवर चला रहा था। केके ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए थे।

आरोपी

पुलिस ने शिवम को बनाया आरोपी, पहले अज्ञात के नाम थी FIR

कानपुर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने पुष्टि की कि शिवम को ही आरोपी बनाया गया है। इस मामले में पहले एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी, जिसे बाद में जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों के आधार पर अपडेट किया गया है। उन्होंने कहा, "जांच में यह साबित हुआ कि दुर्घटना के समय शिवम ही वाहन चला रहा था। हम जल्द ही शिवम के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करेंगे। कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।"

परिवार

परिजनों का दावा- ड्राइवर चला रहा था कार

अपने बेटे शिवम के बचाव में केके मिश्रा ग्वालटोली थाने पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। केके मिश्रा ने कहा, "पुलिस मेरे बेटे शिवम को जबरन इस मामले में घसीट रही है। हादसे के वक्त कार शिवम नहीं चला रहा था। शिवम की हालत काफी नाजुक है और वह इस समय दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है।"

Advertisement

परिजन

परिजनों के मुताबिक कैसे हुई थी घटना?

केके मिश्रा ने बताया कि शिवम की अचानक तबीयत खराब हुई और उसे नींद आने लगी। जिसके बाद ड्राइवर ने ब्रेक लगाए फिर एक टेम्पो ने गाड़ी को टक्कर मार दी। उन्होंने दावा किया कि सुरक्षाकर्मियों ने खिड़की तोड़कर पहले ड्राइवर को बाहर निकाला, उसके बाद शिवम को। मिश्रा ने आरोप लगाया कि केवल शिवम को कार से बाहर निकालने वाले फुटेज जारी किया गया, जबकि ड्राइवर के बाहर निकलते हुए वाला हिस्सा नहीं दिखाया गया।

Advertisement

घटना

क्या है मामला?

8 फरवरी को कानपुर के VIP रोड पर तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर फुटपाथ पर चढ़ गई थी। कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल से जा टकराई, जिससे मोटरसाइकिल सवार करीब 10 फुट तक हवा में उछल गया। इस दौरान कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और 6 लोग घायल हो गए थे। घटना का वीडियो भी सामने आया था।

वीडियो

घटना के वीडियो में क्या-क्या सामने आया?

घटना के एक वीडियो में दिखाई दे रहा है कि गाड़ी में कोई ड्राइवर नहीं है और ड्राइविंग सीट पर शिवम मिश्रा ही बैठा है। आगे एक अन्य कार में शिवम के 4-5 बाउंसर मौजूद हैं, जो घटना के फौरन बाद कार को घेर लेते हैं और वॉकिटॉकी पर बात करते हुए लोगों को दूर हटने के लिए बोल रहे हैं। बाउंसर कार के दरवाजे बंद करते हैं, जिसके बाद कार घटनास्थल से रवाना हो जाती है।

Advertisement