दिल्ली की गृहिणी ने जीता बंपर जैकपॉट, मिलेंगे 62 करोड़ रुपये
नई दिल्ली की गृहिणी कानिका अरोड़ा ने अबू धाबी के 'बिग टिकट सीरीज 288' में 2.5 करोड़ दिरहम (करीब 62 करोड़ रुपये) का बंपर जैकपॉट जीता है। उनके पति को ऑनलाइन लॉटरी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद से उनका परिवार कई सालों से इसके टिकट खरीद रहा था। यह जीतने वाला टिकट 30 जून को लिया गया था, जिसकी घोषणा शुक्रवार को हुए लाइव ड्रॉ के दौरान हुई।
परिवार बना रहा घर खरीदने की योजना
अरोड़ा ने बताया कि यह खबर सुनकर उनके तो होश ही उड़ गए। परिवार अब एक घर खरीदने की योजना बना रहा है और अपनी 5 साल की बेटी को आखिर डिज्नीलैंड भी ले जाएंगे, जिसका वादा उन्होंने उससे काफी समय पहले किया था। बचे हुए पैसों को वे अपनी बेटी की पढ़ाई और उसके भविष्य की ज़रूरतों के लिए निवेश करेंगे। कानिका अरोड़ा की इस बड़ी जीत के साथ ही शुक्रवार के ड्रॉ में 5 लोगों को 10 लाख दिरहम के पुरस्कार और एक BMW एक्स6 भी मिली। 'बिग टिकट' लॉटरी अपने बड़े जैकपॉट के लिए जानी जाती है, जिसने कई लोगों का जीवन बदल दिया है।