सबरीमाला प्रसाद संकट: मंत्री का तीखा सवाल- मरम्मत का यही वक्त क्यों?
केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के मुरलीधरन ने सबरीमाला के प्रसाद प्लांट में चल रही मरम्मत के समय पर आपत्ति जताई है। दरअसल, मंडला सीजन से पहले अरवना प्रसाद की कमी हो गई, जिसके बाद अयप्पा श्रद्धालुओं ने खूब विरोध-प्रदर्शन किया। मंत्री मुरलीधरन का कहना है कि यह काम उस समय किया गया जब यहां भक्तों की सबसे ज्यादा भीड़ थी, जिससे व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
सरकार कर रही जांच
मुरलीधरन ने भरोसा दिलाया है कि सरकार इस मामले की पूरी जांच कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि देवस्वम बोर्ड भले ही अपना काम स्वतंत्र रूप से करता हो, लेकिन भक्तों को परेशानी होने पर सरकार और बोर्ड, दोनों की ही जिम्मेदारी बनती है। वहीं, त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड के अध्यक्ष ने इस कमी को मरम्मत की वजह से हुई एक बार की घटना बताया है। उन्होंने यह भी साफ किया कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा नहीं आएगी।