
झारखंड में 1 करोड़ रुपये का इनामी नक्सली समेत 8 ढेर, शव बरामद
क्या है खबर?
झारखंड के बोकारो में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान में 8 नक्सलियों को ढेर कर दिया है, जिसमें 1 करोड़ रुपये का इनामी नक्सली भी शामिल है।
झारखंड के पुलिस महानिदेशक ने बताया कि सोमवार को 8 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इनामी नक्सली की पहचान विवेक के रूप में हुई है।
संयुक्त अभियान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा कमांडो और झारखंड पुलिस शामिल थी। इलाके में अभी भी तलाशी जारी है।
मुठभेड़
सुबह साढ़े 5 बजे शुरू हुई थी गोलीबारी
पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा तलाशी अभियान में था, तभी लुगु पहाड़ियों पर सुबह 5:30 बजे गोलीबारी शुरू हो गई।
सुरक्षा बलों ने जवाबी गोलीबारी में कई नक्सलियों को मार गिराया। इसके बाद जंगल में 8 शव बरामद किए गए।
ऑपरेशन के दौरान एक एके सीरीज राइफल, एक सेल्फ-लोडिंग राइफल (SLR), एक पिस्तौल और 8 देशी बंदूकें बरामद की गईं हैं।
सुरक्षा बलों की ओर से अभी किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
अभियान
पिछले 3 महीने में 150 से अधिक नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ और झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान काफी तेजी से चल रहा है।
इस साल 3 महीने के अंदर छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में 140 माओवादी मारे जा चुके हैं। इनमें 123 सिर्फ बस्तर संभाग के नारायणपुर और कोंडागांव समेत 7 जिलों में मारे गए हैं।
पिछले दिनों छत्तीसगढ़ के सुकमा में 33 नक्सलियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपने हथियार डाल दिए थे, जिसमें कई इनामी नक्सली भी शामिल थे।