क्या पाकिस्तान ने पुंछ में किया संघर्ष विराम का उल्लंघन? भारतीय सेना का आया जवाब
क्या है खबर?
पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा (LoC) पर लगातार किए जा रहे संघर्ष विराम उल्लंघन की खबरों के बीच भारतीय सेना ने जवाब दिया है।
सेना ने गुरुवार को संघर्ष विराम के उल्लंघन की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि विराम बरकरार है और दोनों देशों की सेनाओं के बीच बनी सहमति के अनुसार ही इसका पालन किया जा रहा है।
हालांकि, सेना ने छिटपुट गोलीबारी और IED धमाके की घटनाओं को स्वीकार किया है।
धमाका
अखनूर सेक्टर में IED धमाके के बाद संघर्ष विराम की आई थी खबर
सेना ने बयान में कहा, "छिटपुट घटनाओं को मौजूदा प्रोटोकॉल के तहत संभाला जा रहा है और LoC पर संघर्ष विराम बरकरार है। पाकिस्तानी सेना के समक्ष उचित स्तर पर चिंता जताई गई है।"
बता दें, अखनूर सेक्टर में आतंकवादियों द्वारा इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) धमाके के एक दिन बाद पुंछ में LoC के पास कृष्णा घाटी सेक्टर में गोलीबारी की खबर आई थी।
खबरों में भारतीय सेना द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन का जवाब देने की बात भी थी।
संघर्ष विराम
2021 में हुआ था संघर्ष विराम समझौते का नवीनीकरण
भारत और पाकिस्तान के बीच फरवरी 2021 में संघर्ष विराम समझौते का नवीनीकरण किया गया था, जिसके बाद LoC पर उल्लंघन की घटनाएं बहुत कम हो गई थीं।
समझौते से दोनों देशों को लाभ हुआ। खासकर उनको, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर रहते हैं। पुंछ को इस साल का पहला संघर्ष विराम उल्लंघन बताया जा रहा था।
भारतीय सेना का कहना है कि स्थिति स्थिर बनी हुई है और हालात पर नजर रखे जा रहे हैं।