Page Loader
जम्मू-कश्मीर: नियंत्रण रेखा के पास अखनूर सेक्टर में आतंकवादियों ने किया IED धमाका, 2 जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास IED धमाके में 2 जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर: नियंत्रण रेखा के पास अखनूर सेक्टर में आतंकवादियों ने किया IED धमाका, 2 जवान शहीद

लेखन गजेंद्र
Feb 11, 2025
06:56 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास अखनूर सेक्टर में मंगलवार को आतंकवादियों ने बड़े हमले को अंजाम दिया है। आतंकियों ने इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) धमाका किया है, जिसमें 2 जवान शहीद हो गए हैं। एक जवान गंभीर रूप से घायल है। धमाका दोपहर 3:30 बजे उस समय हुआ, जब जवान गश्त कर रहे थे। घायल सैनिक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज किया जा रहा है।

धमाका

सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया

भारतीय सेना ने एक्स पर घटना की पुष्टि करते हुए कहा, "अखनूर सेक्टर के लालेली में बाड़ पर गश्त के दौरान संदिग्ध IED विस्फोट की सूचना मिली है, जिसके परिणामस्वरूप 2 लोगों की मौत हो गई। हमारे सैनिक क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं। व्हाइट नाइट कोर 2 वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को सलाम करता है और श्रद्धांजलि देता है।" सुरक्षा बलों ने घटनास्थल के आसपास सतर्कता बढ़ा दी है।

घटना

एक दिन राजौरी में हुई थी गोलीबारी

घटना से एक दिन पहले सोमवार को राजौरी जिले में LoC पर हुई गोलीबारी में एक जवान घायल हो गया था। गोलीबारी के समय जवान नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में अग्रिम चौकी पर तैनात था। जवान गोलीबारी में घायल हो गया है। वह अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि गोलीबारी दोपहर को LoC पार से हुई थी। इससे पहले 8 फरवरी को केरी सेक्टर में LoC के पास गश्ती दल पर आतंकियों ने गोलीबारी की थी।