कुलगाम हमले से पहले CRPF जवानों को मिली थी धमकी, कहा- हम तुम्हें नहीं छोड़ेंगे
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चेक पोस्ट पर हुए हमले को लेकर एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आतंकी हमले से 2 दिन पहले एक 10वीं का छात्र उसी पोस्ट पर गया था और तैनात जवानों को धमकी दी कि "हम तुम्हें नहीं छोड़ेंगे।" पहले तो धमकी को गंभीरता से नहीं लिया गया, लेकिन बुधवार को हमले के बाद उस लड़के का पता लगाया जा रहा है।
हमला
धमकी और हमले के तार
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि छात्र की धमकी को इसलिए गंभीरता से नहीं लिया गया, क्योंकि यह एक आम बात लगी, लेकिन हमले के बाद अधिकारियों का संदेह पक्का हुआ है।
अभी छात्र को लेकर किसी तरह की कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस और सेना छात्र का पता लगाकर उससे पूछताछ करना चाहती हैं।
छात्र से बातचीत में उसकी धमकी का कारण और 2 दिन बाद हुए हमले के तार जोड़ने की कोशिश होगी।
हमला
हमले में 3 जवान हुए हैं घायल
भारी हथियारों से लैस 2 आतंकवादियों ने दोपहर में जंगलों से निकलकर मीर बाजार के पास CRPF पोस्ट पर गोलीबारी शुरू कर दी।
हमले में 3 जवान घायल हुए, जिसमें एक की गंभीर है। जहां हमला हुआ, वह पोस्ट श्रीनगर से 75 किलोमीटर और रणनीतिक जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे से एक किलोमीटर दूर है।
हमले में मोहम्मद लतीफ भट का हाथ बताया जा रहा है, जो लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का लोकल कमांडर है और जुलाई में शोपिया में बच निकला था।