LOADING...
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में जैश के आतंकियों के छिपे होने की सूचना, इंटरनेट सेवाएं निलंबित
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों की तलाश में अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में जैश के आतंकियों के छिपे होने की सूचना, इंटरनेट सेवाएं निलंबित

लेखन गजेंद्र
Jan 30, 2026
02:54 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में शुक्रवार को पाकिस्तान समर्थित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के 3 आतंकियों का पता चला है, जिनको खोजने के लिए अभियान शुरू किया गया है। सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान के तहत बर्फ से ढके चतरू क्षेत्र में आतंकवादियों की तलाश तेज कर दी है और ड्रोन से चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है। बता दें कि इस क्षेत्र में पहले भी आतंकियों के पता होने की सूचना मिल चुकी है।

सेवा

इलाके में इंटरनेट सेवाएं निलंबित की गईं

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में आतंकवादी विरोधी ऑपरेशन के दौरान इंटरनेट के दुरुपयोग को रोकने के लिए सिंहपोरा, चिंगम और चतरू इलाके के 6 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी तौर पर निलंबित कर दी गई हैं। इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया है और नाकाबंदी की गई है। जंगलों में सुरक्षा बलों की टीम तलाशी ले रही है। इस दौरान, बीच-बीच में गोलीबारी की भी आवाज आ रही है।

अभियान

18 जनवरी को शुरू हुआ था इलाके में अभियान

इलाके में आतंकी गतिविधियों की सूचना पर ऑपरेशन 18 जनवरी को शुरू किया गया था। तब मन्द्रल-सिंहपोरा के पास सोनार जंगल में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक पैराट्रूपर शहीद हो गया और 7 सैनिक घायल हुए थे। तब आतंकी घने जंगल और दुर्गम इलाके का फायदा उठाकर भाग गए। इलाके में 2 फीट की बर्फबारी के बाद भी तलाश जारी है। हाल में 22 और 25 जनवरी को जनसीर-कंडीवार में मुठभेड़ हुई थी।

Advertisement