IRCTC ने बनाया रिकॉर्ड: एक दिन में बिके 20 लाख से ज्यादा टिकट
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने एक ही दिन में 20 लाख से ज्यादा ट्रेन टिकट बुक करके अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 7 सितंबर को उसने कुल 20.06 लाख टिकट बुक किए और 8 सितंबर को भी लगभग इतनी ही बुकिंग हुई। यह सिर्फ IRCTC का अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि इसने पिछले साल के त्योहारों के दौरान हुई भारी भीड़ के रिकॉर्ड को भी 6 प्रतिशत से पीछे छोड़ दिया है। इससे साफ पता चलता है कि ट्रेन से सफर करने का भारतीयों का लगाव पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है।
IRCTC ने सर्वर की तादाद की लगभग दोगुनी
टिकट बुकिंग की इस बढ़ती हुई भीड़ से निपटने के लिए IRCTC ने अपने ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम में सर्वर की क्षमता लगभग दोगुनी कर दी है। 15 जुलाई को जो नई वेबसाइट शुरू की गई, उसके जरिए अब अलग-अलग क्लास में खाली सीटें देखना बहुत आसान हो गया है। अब बार-बार स्क्रीन बदलने की परेशानी नहीं होती। फर्जीवाड़े पर लगाम कसने के लिए एक एंटी-बॉट सिस्टम भी लगाया गया है। इससे संदिग्ध बॉट ट्रैफिक में 55 से 65 परसेंट तक की कमी आई है। इसके साथ ही, 3.04 करोड़ यूजर ID को निष्क्रिय भी किया गया है।