तेहरान में कई भारतीय छात्रों ने दूतावास की नहीं ली मदद, कई को सुरक्षित जगह भेजा
क्या है खबर?
इजरायल और अमेरिका का ईरान पर हमला जारी है। इस बीच भारत सरकार की ओर से तेहरान समेत अन्य शहरों में रहने वाले भारतीय छात्रों की मदद की जा रही है। मंगलवार को ईरान में भारतीय दूतावास ने बताया कि खतरे की संभावना को देखते हुए कई छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है, जबकि कुछ छात्रों ने दूतावास की मदद लेने से इनकार कर दिया है। दूतावास ने छात्रों के रहने-खाने का इंतजाम किया है।
दूतावास
दूतावास ने जारी की सलाह
भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर कहा, "तेहरान शहर में बढ़ते रिस्क की वजह से, दूतावास ने ज़्यादातर भारतीय छात्रों को तेहरान से बाहर सुरक्षित जगहों पर भेज दिया है। दूतावास ने उनके आने-जाने, खाने और रहने का इंतज़ाम किया है। दूतावास का ऑफर लेने से मना करने वाले छात्रों में से बहुत कम ही तेहरान में रह गए हैं।" अभी जो लोग ईरान में रह गए हैं, उनके लिए दूतावास ने सलाह जारी की है।
सलाह
दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह
दूतावास ने कहा, "जो भारतीय अभी ईरान में रह गए हैं, उनके लिए पहले जारी की गई सलाह में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आप जहां हैं वहीं रहें, जितना हो सके घर के अंदर रहें और खिड़कियों से दूर रहें। हर समय पूरी सावधानी बरतें। विरोध या प्रदर्शन वाली जगहों से बचें। ईरान में भारतीय दूतावास के साथ नियमित संपर्क में रहें।" छात्र दूतावास के नंबर +989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359 और ईमेल- cons.tehran@mea.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।