Page Loader
संयुक्त राष्ट्र परमाणु प्रमुख ने भारतीय परमाणु क्षेत्र की तारीफ की, बोले- दुनिया में सबसे गतिशील
संयुक्त राष्ट्र परमाणु प्रमुख राफेल मारियानो ग्रॉसी ने एस जयशंकर से मुलाकात की (तस्वीर: एक्स/@DrSJaishankar)

संयुक्त राष्ट्र परमाणु प्रमुख ने भारतीय परमाणु क्षेत्र की तारीफ की, बोले- दुनिया में सबसे गतिशील

लेखन गजेंद्र
Mar 19, 2025
11:06 am

क्या है खबर?

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने भारत के बढ़ते परमाणु क्षेत्र की सराहना की है। उन्होंने दिल्ली में आयोजित रायसीना डायलॉग 2025 में कहा कि IAEA भारत के साथ घनिष्ठ सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का परमाणु क्षेत्र बढ़ रहा है और यह एशिया और दुनिया में सबसे गतिशील क्षेत्रों में से एक है और IAEA कई क्षेत्र विनियमनों, प्रौद्योगिकी विकास, सुरक्षा और संरक्षा पर भारत के साथ सहयोग कर रहा है।

बयान

एस जयशंकर से की मुलाकात

रायसीना डायलॉग से इतर ग्रॉसी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि कार्यक्रम से अलग ग्रॉसी से परमाणु सुरक्षा और अप्रसार मुद्दों पर चर्चा हुई। इस पर ग्रॉसी ने जयशंकर को जवाब देते हुए लिखा, 'भारत अंतरराष्ट्रीय मामलों में एक प्रमुख खिलाड़ी है और शांति और विकास के लिए परमाणु विज्ञान और तकनीक में एक मजबूत IAEA भागीदार है। मैं हमारे सहयोग को और मजबूत करने के लिए तत्पर हूं।'

उद्घाटन

GCNEP भवन का उद्घाटन किया

ग्रॉसी ने वैश्विक परमाणु ऊर्जा भागीदारी केंद्र (GCNEP) के सत्येंद्रनाथ बोस भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव अजीत कुमार मोहंती और GCNEP भागीदार देशों के राजनयिक उपस्थित थे। ग्रॉसी ने परमाणु इंजीनियरिंग पर सर्टिफिकेट कोर्स की शुरुआत की। यह 6 महीने का सर्टिफिकेट कोर्स अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करेगा। एसएन बोस महान भारतीय भौतिक विज्ञानी हैं, जिनके नाम पर बना भवन परमाणु सुरक्षा, रिएक्टर तकनीक और रेडियोआइसोटोप अनुप्रयोगों में सहयोग का केंद्र होगा।