पद्मनाभस्वामी मंदिर से 78 ग्राम सोना गायब, खूफिया रिपोर्ट में हुआ खुलासा
केरलम के मशहूर श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर से करीब 78 ग्राम सोने की ईंटों और सिक्कों सहित कई कीमती सामान गायब हो गए हैं। यह खुलासा एक नई इंटेलिजेंस रिपोर्ट में हुआ है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि मंदिर का एक सोने का दीपक और 'वैराय नामा' नामक आभूषण भी मरम्मत के बाद अब तक वापस नहीं आए हैं। इस घटना ने मंदिर के खजानों के रखरखाव और हिसाब-किताब पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुरक्षा जांच पर उठ रहे सवाल
इंटेलिजेंस रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि त्रावणकोर राजघराने से जुड़े कुछ कर्मचारी और मंदिर में आने वाले लोग एक खास प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच से बचते रहे हैं।
मंदिर का प्रबंधन संभाल रही कमेटी पर चढ़ावे का सही ढंग से हिसाब-किताब न रखने या उसके कुप्रबंधन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
इन समस्याओं को देखते हुए कई सुझाव दिए गए हैं। इनमें सभी कीमती वस्तुओं को एक ही मजबूत तिजोरी में रखना, बेहतर रिकॉर्ड रखना, पुलिस की निगरानी बढ़ाना और यह सुनिश्चित करना शामिल है कि मंदिर में प्रवेश करने वाला हर व्यक्ति, चाहे वह कोई भी हो, पूरी सुरक्षा जांच से गुजरे।