Page Loader
इंटेल इंडिया के पूर्व प्रमुख की सड़क दुर्घटना में मौत, कैब ने मारी साइकिल को टक्कर
इंटेल इंडिया के पूर्व प्रमुख की सड़क दुर्घटना में मौत (तस्वीर: एक्स/@hyderabaddoctor)

इंटेल इंडिया के पूर्व प्रमुख की सड़क दुर्घटना में मौत, कैब ने मारी साइकिल को टक्कर

लेखन गजेंद्र
Feb 29, 2024
11:45 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की नवी मुंबई में इंटेल इंडिया के पूर्व प्रमुख अवतार सिंह सैनी की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि टाउनशिप में साइकिल चलाते समय तेज रफ्तार कैब ने उनको टक्कर मार दी थी। इंडिया टुडे के मुताबिक, दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 5ः50 बजे तब हुई, जब सैनी (68) नेरुल इलाके में पाम बीच रोड पर अपने साथियों के साथ साइकिल चला रहे थे। तभी तेज रफ्तार कैब ने उनको पीछे से टक्कर मारी।

हादसा

कैब चालक को लोगों ने पकड़ा

रिपोर्ट के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद साइकिल का फ्रेम कैब के अगले पहिये में फंस गया था, जिससे सैनी कुछ दूर तक घिसटते चले गए। घटना के बाद लोगों ने कैब चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। साथी साइकिल चालक सैनी को अस्पताल लेकर गए, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने से मौत का मामला दर्ज किया है, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है।

शख्सियत

कौन थे अवतार सैनी?

अवतार सैनी 1982 से 2004 तक इंटेल इंडिया के वाइस प्रेसीडेंट रहे हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने इंटेल 386, इंटेल 486 और पॉपुलर पेंटियम प्रोसेसर समेत कई प्रोसेसर डिजाइन करने में मदद की थी। सैनी मुंबई के चेंबूर इलाके में रहते थे। उनकी पत्नी की मौत 3 साल पहले हुई थी। उनकी बेटी और बेटे अमेरिका में हैं। सैनी अगले महीने उनसे मिलने वाले थे। सैनी की मौत पर इंटेल इंडिया के अध्यक्ष गोकुल वी सुब्रमण्यम ने दुख जताया है।