Page Loader
INS सुमित्रा ने अरब सागर में ईरानी जहाज को समुद्री डाकुओं से बचाया
INS सुमित्रा ने मछुआरों को समुद्री डाकुओं से बचाया (तस्वीर: एक्स/@FinalAssault23)

INS सुमित्रा ने अरब सागर में ईरानी जहाज को समुद्री डाकुओं से बचाया

लेखन गजेंद्र
Jan 29, 2024
03:59 pm

क्या है खबर?

भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS सुमित्रा ने अरब सागर में समुद्री डाकुओं द्वारा अपहृत ईरानी मछुआरों के जहाज को बचाकर डाकुओं को निहत्था कर दिया। समाचार एजेंसी ANI ने भारतीय रक्षा अधिकारी के माध्यम से बताया कि डाकुओं को सोमालिया की ओर जाने को कहा गया है और INS सुमित्रा इलाके से बाहर निकल आया है। अधिकारी ने बताया कि डाकुओं को चेतावनी देने के लिए युद्धपोत पर मौजूद ALH ध्रुव हेलीकॉप्टरों ने अपहृत जहाज को घेर लिया था।

अपहरण

अपहृत जहाज पर सवार थे 17 सदस्य

रक्षा अधिकारियों ने बताया कि मछली पकड़ने वाली ईरानी नौका एमवी इमान को सोमाली समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया था। जहाज पर चालक दल के 17 सदस्य सवार हैं। INS सुमित्रा अरब सागर में कोच्चि से लगभग 700 समुद्री मील पश्चिम में मछुआरों को समुद्री डाकुओं से बचाने पहुंचा था। बता दें कि यह मामला लाल सागर और अरब सागर के कुछ हिस्सों में व्यापारिक जहाजों पर ड्रोन और डाकुओं के हमलों की कड़ी में नया हमला है।

हमला

भारतीय नौसेना ने बढ़ाई निगरानी, 10 युद्धपोत तैनात

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, पिछले कुछ समय में ऐसी घटनाओं के मद्देनजर भारतीय नौसेना ने भारत आने-जाने वाले व्यापारिक जहाजों पर निगरानी बढ़ा दी है। नौसेना ने लगभग 10 युद्धपोतों को क्षेत्र में तैनात किया है। इससे पहले नौसेना ने 18 जनवरी को अदन की खाड़ी में मार्शल द्वीप के झंडे वाले जहाज को ड्रोन हमले से बचाया। इसके अलावा लाइबेरिया के झंडे वाले समुद्री जहाज को भी नौसेना ने अपहरण से बचाया था।