
मेघालय हनीमून मामला: 11 मई को शादी, 2 जून को मिली लाश, जानें कब-क्या हुआ?
क्या है खबर?
मेघालय हनीमून मनाने गए इंदौर के नवविवाहित जोड़े राजा रघुवंशी और सोनम के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि सोनम ने ही अपने पति की हत्या कराई थी। सोनम ने उत्तर प्रदेश के एक थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है।
इस संबंध में पुलिस ने 5 संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक सोनम का कथित बॉयफ्रेंड राज कुशवाहा है।
आइए जानते हैं मामले में कब-क्या हुआ।
शादी
11 मई को हुई थी सोनम-राजा की शादी
राजा और सोनम दोनों इंदौर के रहने वाले हैं। राजा का ट्रांसपोर्ट का कारोबार था। सोनम के पिता की एक छोटी प्लायवुड फैक्ट्री है। सोनम यहीं पर काम करती थी।
दोनों परिवारों का परिचय समाज की एक वैवाहिक पत्रिका के जरिए हुआ था। कुंडली मिलन और बाकी रजामंदी के बाद दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए थे।
11 मई को दोनों की शादी बड़ी धूमधाम से हुई थी। शादी के कई फोटो-वीडियो भी सामने आए हैं।
मेघालय
20 मई को हनीमून पर रवाना हुए थे दंपत्ति
शादी के बाद करीब 10 दिन सोनम ससुराल में रही। इसके बाद हनीमून के लिए मेघालय जाने की योजना बनी।
20 मई को दोनों इंदौर से बेंगलुरु होते हुए असम के गुवाहाटी पहुंचे। यहां दोनों ने कामाख्या देवी के दर्शन किए और एक रात भी रुके।
अगले दिन यानी 21 मई को वो शिलॉन्ग पहुंचे। वहां कमरा किराए से लिया और 22 मई को दोनों सोहरा (चेरापूंजी) के लिए निकले।
संपर्क
23 मई को आखिरी बार परिजनों से हुई बात
23 मई को राजा और सोनम शिलॉन्ग पहुंच गए थे। इसी दिन सोनम ने अपनी सास यानी राजा की मां से आखिरी बार बात की थी। दोनों की बातचीत की ऑडियो भी सामने आई है।
इसमें सोनम ने अपनी सास से उपवास के बारे में बात की और कहा कि यहां एकदम खड़ी चढ़ाई है। हालांकि, सोनम ने कहा कि उसका दम फूल रहा है और फिर फोन रख दिया था।
संपर्क टूटा
24 मई से बंद हुए दोनों के मोबाइल
24 मई से दोनों के मोबाइल बंद आने लगे। जब लंबे समय बाद भी दोनों से कोई संपर्क नहीं हुआ तो सोनम के भाई गोविंद और राजा के भाई विपिन शिलॉन्ग पहुंचे।
24 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। दोनों पुलिस के साथ बचाव अभियान में शामिल हुए।
इसी दिन उनका स्कूटर शिलॉन्ग से सोहरा जाने वाली सड़क के किनारे एक ढाबे के पास मिला। स्कूटर में चाबी लगी हुई थी। अगले कुछ दिनों तक तलाशी चलती रही।
शव
2 जून को मिला राजा का शव
तेज बारिश, जंगल, कोहरे और खाईयों में कई एजेंसियों और पुलिस के जवान दोनों को तलाशते रहे।
2 जून को राजा का शव क्षत-विक्षत हालत में वीसावडोंग झरने के पास 100 फुट गहरी खाई में मिला। शव की पहचान हाथ पर 'राजा' नाम के टैटू और स्मार्टवॉच से हुई।
पुलिस ने घटनास्थल से एक सफेद शर्ट, कुछ दवाएं, एक टूटी हुई मोबाइल स्क्रीन और एक धारदार हथियार भी बरामद किया। अब तक सोनम का कोई अता-पता नहीं था।
फुटेज
5 जून: सोनम-राजा का पहला वीडियो सामने आया
5 जून को राजा और सोनम का पहला CCTV फुटेज सामने आया। इसमें दोनों शिलॉन्ग के एक होटल में नजर आ रहे हैं।
6 जून को दोनों का एक और वीडियो सामने आया। इसमें दोनों एक स्कूटर से होटल पहुंचते नजर आ रहे हैं। ये वही स्कूटर था, जो पुलिस को लावारिस मिला था।
इस वीडियो में सोनम ने जो जैकेट पहनी थी, पुलिस को वो 3 जून को बरामद हुई। इस पर खून के निशान थे।
सोनम
मेघालय से 1,100 किलोमीटर दूर मिली सोनम
8 जून की रात एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में सोनम घटनास्थल से करीब 1,100 किलोमीटर दूर गाजीपुर में एक ढाबे पर मिली।
मेघालय के मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि सोनम ने आत्मसमर्पण कर दिया है और 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मेघालय पुलिस ने खुलासा किया कि सोनम ने ही अपने पति राजा की हत्या करवाई थी।
अब तक पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सोनम को भी शिलॉन्ग ले जाया जा रहा है।