पहली बार स्वदेशी सैटेलाइट सिस्टम का इस्तेमाल कर उतरा इंडिगो का विमान
भारतीय विमानन के लिए यह एक बड़ा और ऐतिहासिक पल था। इंडिगो का एयरबस A320 विमान हाल ही में उदयपुर में GAGAN नाम के एक खास नेविगेशन सिस्टम का इस्तेमाल करके सफलतापूर्वक उतरा। इस सिस्टम को ISRO और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने मिलकर तैयार किया है। यह पहला मौका है जब भारत में किसी बड़े जेट विमान ने लैंडिंग के लिए सिर्फ सैटेलाइट्स का सहारा लिया और उसे जमीन पर लगे किसी पारंपरिक सिस्टम की मदद की जरूरत नहीं पड़ी। यह उन हवाई अड्डों के लिए बेहद महत्वपूर्ण कदम है, जहं अभी तक आधुनिक ग्राउंड लैंडिंग सिस्टम नहीं हैं। इस तकनीक से यह भी जाहिर होता है कि हवाई यात्रा अब और भी ज्यादा सुरक्षित बन रही है।
GAGAN अब बड़ी इंडिगो जेट्स पर भी लागू
GAGAN का पूरा नाम GPS एडेड जियो ऑगमेंटेड नेविगेशन है। यह सिस्टम पायलटों को उन जगहों पर भी विमान आसानी से उतारने में सक्षम बनाता है, जहं जमीन पर आधारित नेविगेशन सिस्टम उपलब्ध नहीं होते। इंडिगो ने साल 2022 में इस तकनीक का उपयोग अपने छोटे विमानों में शुरू किया था, लेकिन अब इसे उनके बड़े जेट्स में भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अब तक 20 से ज्यादा LPV एप्रोच (लैंडिंग के रास्ते) निर्धारित किए जा चुके हैं और जल्द ही कई और जोड़े जाएंगे। इस अपग्रेड से विमानों की विश्वसनीयता बढ़ेगी, सुरक्षा का स्तर और बेहतर होगा और उड़ानों में होने वाली देरी भी कम होगी। खासकर छोटे या बैकअप हवाई अड्डों पर इसका बहुत अधिक लाभ मिलेगा।