भारत का इकलौता ज्वालामुखी जागा! अंडमान में दिखा आग और धुएं का नजारा
भारत में केवल एक ही सक्रिय ज्वालामुखी मौजूद है, जो बर्रेन आइलैंड के नाम से जाना जाता है। यह अंडमान में पोर्ट ब्लेयर से करीब 135 किलोमीटर दूर स्थित है। यह द्वीप ऐसी जगह पर है जहां 2 टेक्टोनिक प्लेटें आपस में मिलती हैं। करीब 200 सालों तक बिल्कुल शांत रहने के बाद, 1991 के बाद इसमें फिर से काफी हलचल देखी गई है। तब से यह ज्वालामुखी लगातार रुक-रुक कर सक्रिय होता रहा है। सैटेलाइट की तस्वीरों में इसके धुएं के गुबार और लावा के बहाव साफ देखे गए हैं।
बेहद निर्जन इलाके में स्थित है ज्वालामुखी
बर्रेन आइलैंड अपने काले ज्वालामुखी शंकु और पुराने लावा के मैदानों की वजह से बेहद भव्य और कुछ हद तक डरावना लगता है, लेकिन यह द्वीप ज्यादातर निर्जन ही रहता है। यहां ताजे पानी की कमी है और इसका रास्ता भी काफी मुश्किल है, जिसकी वजह से लोग यहां से दूर ही रहते हैं। यहां पर आसानी से जाया नहीं जा सकता। अधिकतर लोग इसे केवल पास से गुजरने वाली नावों से ही देख पाते हैं। इसके बावजूद, कुछ पक्षी, चमगादड़ और जंगली बकरियां यहां अपना बसेरा बनाए हुए हैं। वहीं, इसके आसपास का समुद्र समुद्री जीवों और रंगीन कोरल रीफ्स से भरा पड़ा है।