भारत ने भूटान के E20 पेट्रोल ऑफर को ठुकराए जाने की खबरों को बताया गलत, जानिए क्या कहा
भारत के तेल मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि भूटान द्वारा E20 पेट्रोल का प्रस्ताव ठुकराए जाने से संबंधित सभी खबरें पूरी तरह गलत है। E20 ऐसा ईंधन है जिसमें 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जाता है। मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय तेल कंपनियों ने भूटान को ऐसा कोई प्रस्ताव दिया ही नहीं और न ही फिलहाल ऐसी कोई योजना है। मंत्रालय ने लोगों से आग्रह किया है कि वे सिर्फ मीडिया की हेडलाइंस पर भरोसा न करें, बल्कि आधिकारिक बयानों पर ध्यान दें।
भूटान के व्यापार विभाग ने E20 के जोखिमों को चिह्नित किया
यह बात तब सामने आई जब भूटान के व्यापार विभाग के एक दस्तावेज में E20 पेट्रोल से जुड़े कुछ जोखिमों को चिह्नित किया। एथेनॉल में पानी सोखने की प्रवृत्ति होती है, जिससे संदूषण होने पर ईंधन की गुणवत्ता और वाहन के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है। भूटान के मौजूदा अंडरग्राउंड स्टोरेज टैंक शायद इस चुनौती के लिए पर्याप्त नहीं हैं। हालांकि, भारत ने जोर देकर कहा है कि उसका एथेनॉल कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करता है और उसकी कड़ी जांच होती है।