आपकी जिंदगी बचाने आ रही 'स्मार्ट' एंबुलेंस, मंत्रालय ने जारी किए नए नियम
भारत में आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने नेशनल एम्बुलेंस सर्विसेज (NAS) 2026 के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बताया कि इन गाइडलाइंस का मकसद है कि बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक, देशभर में एंबुलेंस सेवाओं का स्तर एक जैसा हो जाए। इससे लोगों को जरूरत पड़ने पर तेजी से और भरोसेमंद तरीके से मदद मिल पाएगी।
GPS डिस्पैच, AIS-125 स्टैंडर्ड्स, EMT ट्रेनिंग
अब एंबुलेंस को GPS के जरिए ट्रैक किया जाएगा। इन्हें स्मार्ट कमांड सेंटर से भेजा जाएगा और आपातकाल की जगह व कॉल की संख्या के हिसाब से एंबुलेंस तय की जाएगी। हर एंबुलेंस को AIS-125 सुरक्षा स्टैंडर्ड्स पूरे करने होंगे। साथ ही, सभी इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन (EMTs) को खास ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
इन सेवाओं को भारत के 112 इमरजेंसी नंबर से भी जोड़ा जाएगा, जिससे आप कहीं से भी मदद के लिए कॉल करें तो आपको तेजी से और बेहतर रिस्पॉन्स मिल सके।