भारत की पहली बुलेट ट्रेन सुरंग: 7 किलोमीटर समंदर के भीतर, 2 घंटे में सफर
यात्रियों के लिए बड़ी खबर है! मुंबई और अहमदाबाद के बीच भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना की सुरंग का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है। यह कुल 20.37 किलोमीटर लंबी सुरंग होगी और इसका 7 किलोमीटर हिस्सा समुद्र के अंदर से होकर गुजरेगा। इस सुरंग के 15.4 किलोमीटर हिस्से को बनाने के लिए 2 बड़ी जर्मन मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसका लक्ष्य सफर के समय को घटाकर सिर्फ 2 घंटे से कुछ ज्यादा करना है।
सुरंग BKC और शिलफाटा को जोड़ेगी
यह सुरंग बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) और शिलफाटा को आपस में जोड़ेगी। इस सुरंग के 15.4 किलोमीटर हिस्से की खुदाई टनल बोरिंग मशीन (TBMs) करेंगी, वहीं, बाकी हिस्सा पहले ही ब्लास्टिंग के जरिए तैयार किया जा चुका है।
एक मशीन 5.8 किलोमीटर हिस्से की खुदाई की जिम्मेदारी संभालेगी, जबकि दूसरी मशीन लंबे हिस्से पर काम करेगी, जिसमें समुद्र के नीचे का हिस्सा भी शामिल है। ये दोनों मशीनें हर महीने करीब 300 मीटर सुरंग खोदने की क्षमता रखती हैं। काम पूरा होने के बाद, बुलेट ट्रेनें 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी, जिससे शहरों के बीच का सफर बेहद तेज और आसान हो जाएगा।