प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद खाद्य तेल के आयात में आई 29 प्रतिशत की गिरावट
जून 2026 में भारत का खाद्य तेल आयात 29 प्रतिशत घटकर 11.46 लाख टन पर आ गया। यह इस ऑयल ईयर (2025-26) का सबसे निचला स्तर है। यह बड़ी गिरावट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आग्रह के ठीक बाद आई है, जिसमें उन्होंने लोगों से खाद्य तेल का इस्तेमाल कम करने को कहा था। प्रधानमंत्री मोदी ने यह अपील पश्चिम एशिया में तनाव और देश की विदेशी मुद्रा बचाने की ज़रूरत को देखते हुए की थी।
नवंबर 2025 से अब तक 105.7 लाख टन आयात
जून में आयात घटने के बावजूद नवंबर 2025 से अब तक का कुल आयात पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले ज्यादा रहा है। नवंबर 2024 से जून 2025 के बीच देश ने 99.55 लाख टन खाद्य तेल आयात किया था, जबकि इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 105.7 लाख टन तक पहुंच गया है। जून में पाम और सोयाबीन तेल का आयात कम हुआ, लेकिन सूरजमुखी तेल का आयात थोड़ा बढ़ गया। भारत आज भी खाने के तेल के लिए आयात पर बहुत निर्भर है। हमारी कुल जरूरत का सिर्फ 44 प्रतिशत हिस्सा ही देश में पैदा होता है। ऐसे में इंडोनेशिया और ब्राजील जैसे देश हमारे लिए अहम आपूर्तिकर्ता बने हुए हैं।