रेलवे ला रहा 1,000 नई गाड़ियां, 7 मार्गो पर चार गुना बढ़ेगी ट्रेनों की आवाजाही
ट्रेन से सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेल अपने नेटवर्क का बड़ा विस्तार करने जा रही है, जिसके तहत 7 बड़े रूटों पर ट्रेनों की आवाजाही को 4 गुना बढ़ाया जाएगा। इनमें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े शहरों को जोड़ने वाली सबसे व्यस्त लाइनें भी शामिल हैं। इस कदम का मकसद सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों और मालगाड़ियों दोनों की रफ्तार बढ़ाना है, ताकि रास्ते में लगने वाले जाम से निजात मिल सके।
रेलवे चलाएगा 1,000 से अधिक नई ट्रेनें
रेलवे 1,000 से ज्यादा नई नियमित ट्रेनें चलाने की तैयारी में है। इससे ट्रेनों में लंबी इंतजार सूची की समस्या कम होगी और यात्रियों के लिए टिकट बुक करना बहुत आसान हो जाएगा। पिछले एक दशक में ही 36,000 किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए जा चुके हैं। सरकार का कहना है कि इन कदमों से माल ढुलाई, खासकर कोयले के परिवहन में होने वाली भारी भीड़भाड़ कम होगी। इसके साथ ही बड़ी संख्या में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को भी संभाला जा सकेगा। लक्ष्य यह भी है कि आने वाले कई सालों तक बड़े शहर एक-दूसरे से अच्छे से जुड़े रहें।