भारतीय रेलवे 'रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन' (RAC) सिस्टम को खत्म करने पर गंभीरता से सोच रहा है। मौजूदा RAC व्यवस्था में एक ही बर्थ पर 2 यात्रियों को जगह दी जाती है, जबकि किराया दोनों से पूरा लिया जाता है। यह तरीका यात्रियों के लिए अक्सर असहज बन जाता है, खासकर तब जब अलग-अलग लिंग के लोगों को एक ही बर्थ साझा करनी पड़े।
रेलवे इस व्यवस्था को इसलिए बदलने पर विचार कर रहा है क्योंकि यह सीधे तौर पर यात्रियों की परेशानी से जुड़ा है। साथ ही, RAC दशकों पुरानी व्यवस्था है, जो तब शुरू हुई थी जब टिकट हाथों से बुक किए जाते थे।
संसदीय समिति ने RAC पर उठाए सवाल
RAC सिस्टम को उन दिनों में बनाया गया था, जब टिकट की बुकिंग हाथों से होती थी। इसका मकसद था कि किसी तरह ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को यात्रा करने का मौका मिल सके। पर अब जब डिजिटल सिस्टम के जरिए रियल टाइम में सीटों की जानकारी मिल जाती है, तो RAC पुराना और गैर-जरूरी लगने लगा है।
एक संसदीय समिति ने तो इस व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल भी उठाया था। समिति ने पूछा था कि जब यात्रियों को पूरी बर्थ नहीं मिलती, तो उनसे पूरा किराया क्यों लिया जाता है। फिलहाल, रेलवे के अधिकारी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि इस बदलाव को लागू किया जाए या नहीं।