क्या ट्रंप-मोदी के बीच हुई बातचीत में शामिल थे एलन मस्क? केंद्र सरकार ने दिया जवाब
क्या है खबर?
अमेरिकी अखबार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बातचीत में एलन मस्क के शामिल होने का खुलासा करके हड़कंप मचा दिया है। अब इस पर केंद्र सरकार का जवाब आया है। उसने इस तरह के किसी भी दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई बातचीत में कोई शामिल नहीं था और बातचीत पश्चिमी एशिया के हालात पर आधारित थी।
बयान
मंत्रालय ने क्या कहा?
NDTV ने मंत्रालय के प्रवक्ता के हवाले से लिखा, "हमने पूरी खबर देखी है। 24 मार्च को हुई टेलीफोन बातचीत केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई थी। जैसा कि पहले भी कहा जा चुका है, इसने पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान किया।" बता दें कि व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने भी इस तरह के दावे की पुष्टि करने से इनकार कर दिया है।
मामला
क्या है मामला?
द न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मोदी और ट्रंप ने मंगलवार 24 मार्च को फोन कॉल पर बात की थी, जिसमें अमेरिकी उद्योगपति मस्क भी शामिल थे। हालांकि, रिपोर्ट में यह नहीं बताया कि एलन मस्क कॉल पर क्यों थे और उन्होंने बात की थी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हुआ है। यह खुलासा अखबार ने अमेरिकी सरकार के अधिकारी के हवाले से बताई थी। उन्होंने इसे एक असामान्य घटना बताई है।