भारतीय दूतावास ने एक बार फिर शेष सभी भारतीय नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने को कहा
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव गहराने के बाद युद्ध की संभावना बन रही है, जिसको लेकर भारत ने अपने नागरिकों के लिए सलाह जारी की है। ईरान में भारतीय दूतावास ने परामर्श जारी करते हुए देश में शेष सभी भारतीयों से अपील की है कि वो तुरंत मौजूद परिवहन विकल्पों के जरिए ईरान छोड़ दें। इससे पहले भी भारतीय सरकार ने ईरान में रहने वाले भारतीयों को जल्द से जल्द देश छोड़ने को कहा था।
सलाह
विरोध-प्रदर्शन वाली जगहों पर न जाएं भारतीय
भारतीय दूतावास ने जारी परामर्श में लिखा, "भारत सरकार द्वारा 5 जनवरी 2026 को जारी परामर्श को जारी रखते हुए और ईरान में बदलते हालात को देखते हुए, जो भारतीय नागरिक अभी ईरान में हैं (स्टूडेंट्स, तीर्थयात्री, बिज़नेस करने वाले लोग और पर्यटक) उन्हें सलाह दी जाती है कि वे वाणिज्यिक उड़ान समेत परिवहन के मौजूद तरीकों से ईरान छोड़ दें। 14 जनवरी की एडवाइजरी में दोहराया गया है कि सभी भारतीय नागरिकों विरोध-प्रदर्शन वाली जगहों पर जाने से बचें।"
सलाह
मदद के लिए नंबर जारी
परामर्श के मुताबिक, "भारतीय नागरिकों से निवेदन है कि वे अपनी यात्रा और आव्रजन दस्तावेज, जिसमें पासपोर्ट और पहचानपत्र शामिल हैं, अपने पास रखें। मदद के लिए वे भारतीय दूतावास से संपर्क करें। दूतावास के मोबाइल नंबर +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359 या ईमेल cons.tehran@mea.gov.in पर मदद मिल जाएगी। ईरान में रहने वाले सभी भारतीय नागरिक https://www.meaers.com/request/home पर पंजीकरण कर सकते हैं। भारत में रहने वाले परिवार भी ईरान में रह रहे अपने परिजनों के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।