Loading...
वायुसेना के IL-76MD विमान ने 13,629 फीट की ऊंचाई पर लैंडिंग की, बनाया विश्व रिकॉर्ड 
वायुसेना के IL-76MD विमान में लद्दाख में ऐतिहासिक लैंडिंग की है

वायुसेना के IL-76MD विमान ने 13,629 फीट की ऊंचाई पर लैंडिंग की, बनाया विश्व रिकॉर्ड 

लेखन आबिद खान
Nov 07, 2026
03:56 pm

क्या है खबर?

भारतीय वायु सेना ने एक और बड़ी उपबल्धि हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। वायु सेना के IL-76MD परिवहन विमान ने लद्दाख के न्योमा हवाई अड्डे पर 13,629 फीट की ऊंचाई पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की है। यह दुनिया में कहीं भी इतनी ऊंचाई पर IL-76MD विमान द्वारा की गई पहली लैंडिंग है।सेना ने इस अभियान में शामिल कर्मियों के कौशल, सटीकता और व्यावसायिकता की सराहना की है।

बयान

वायुसेना ने कहा- यह विमान की बेहतरीन क्षमता का शानदार प्रदर्शन

वायुसेना ने कहा, '13,629 फीट, विमानन इतिहास में एक नई ऊंचाई। IL-76MD विमान ने न्योमा में सफलतापूर्वक लैंडिंग करके इतिहास रच दिया है। यह दुनियाभर में इस विमान द्वारा की गई अब तक की सबसे ऊंचाई वाली लैंडिंग है। यह विमान की बेहतरीन क्षमता का एक शानदार प्रदर्शन है, जिसे इसके चालक दल के असाधारण कौशल, सटीकता और पेशेवर अंदाज का समर्थन हासिल है। एक ऐसा मील का पत्थर, जो भारत की रणनीतिक एयरलिफ्ट क्षमता को और मजबूत करता है।'

विमान

क्यों है ये बड़ी उपलब्धि?

लद्दाख में स्थित न्योमा हवाई अड्डा वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के निकट होने के कारण रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यहां विमान संचालन चुनौतीपूर्ण होता है।

इतनी ऊंचाई पर हवा लिफ्ट जनरेशन और इंजन के प्रदर्शन को प्रभावित करती है, जिससे टेक-ऑफ और लैंडिंग चुनौतीपूर्ण हो जाती है।

वहीं, IL-76MD रूसी मूल का 4 इंजन वाला भारी परिवहन विमान है, जिसे सैनिकों, उपकरणों और माल को ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

ADVERTISEMENT